अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त को लेकर कांग्रेसियों में उबाल:प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच की मांग

3
Advertisement

वाराणसी के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट के ध्वस्तीकरण के दौरान माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को क्षति पहुँचाए जाने का मामला तूल पकड़ रहा है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं ने जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में इस मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर दोषी व्यक्तियों व अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने बताया कि मणिकर्णिका घाट का जीर्णोद्धार वर्ष 1791 में माता अहिल्याबाई होल्कर द्वारा कराया गया था। उन्होंने कहा कि इस घाट पर स्थापित उनकी पवित्र प्रतिमा का ध्वस्तीकरण के दौरान मलबे में दब जाना एक गंभीर घटना है। यह हमारी ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत पर सीधा प्रहार है और इससे काशीवासियों सहित पूरे देश की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कांग्रेस नेताओं राम भवन शुक्ला, डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी, संदीप श्रीवास्तव, अलीम अख्तर और शौकत अली नन्हू ने आरोप लगाया कि विरासत के विकास के नाम पर ध्वस्तीकरण करना, तथ्यों को छिपाना और सच्चाई उजागर करने वालों पर मुकदमे दर्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वीडियो को एआई जनरेटेड बताना भी जनभावनाओं से खिलवाड़ है। नेताओं ने सरकार से विरासत से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें शामिल हैं: मणिकर्णिका घाट के ध्वस्तीकरण की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई, घाट का पुनर्निर्माण और माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित करना। इसके अतिरिक्त, घाटों के सौंदर्यीकरण व विकास कार्य काशीवासियों, धर्माचार्यों व जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श के बाद ही कराने की मांग भी की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में जयंत चौधरी, अनिल भारती, कौशल त्रिपाठी, राम धीरज चौधरी, साधु शरण आर्य, शिव विभूति मिश्रा, मोहम्मद रफीक, अमरदेव सिंह, गुड्डू सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यहां भी पढ़े:  नानपारा एसडीएम ने राजनीतिक दलों संग की बैठक: बोलीं- बीएलए बीएलओ और मतदाता के बीच सेतु का काम करें - Bahraich News
Advertisement