बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। कैसरगंज पुलिस की कार्यशैली से नाराज राजस्व संग्रह अमीन संघ ने शनिवार को तहसील परिसर में एक दिवसीय कार्य बहिष्कार कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन साथी अमीन की चोरी हुई बाइक का सुराग लगाने में पुलिस की नाकामी के विरुद्ध किया गया। राजस्व संग्रह अमीन संघ के तहसील अध्यक्ष हेमेन्द्र प्रताप सिंह और मंत्री रजत यादव ने बताया कि उनके साथी विजय शंकर वर्मा की बुलेट मोटरसाइकिल UP51BR6782 बीते 18 अप्रैल को एपेक्स इंटरनेशनल स्कूल, फिरोजपुर से उस समय चोरी हो गई थी, जब वे जनगणना 2027 के प्रशिक्षण में शामिल होने गए थे। पीड़ित अमीन का आरोप है कि उन्होंने स्वयं प्रयास कर घटनास्थल से लेकर फखरपुर तक कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें उनकी बाइक चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दे रही है। इन साक्ष्यों को पुलिस को उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संघ ने इस मामले में बीते 23 अप्रैल को उपजिलाधिकारी कैसरगंज को एक ज्ञापन सौंपा था। पत्र के माध्यम से कहा गया था कि यदि 25 अप्रैल तक पुलिस ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की, तो अमीन संघ कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होगा। तय समय सीमा बीतने के बाद भी बाइक बरामद न होने से आक्रोशित अमीनों ने आज शनिवार को सामूहिक रूप से काम बंद कर दिया। धरना प्रदर्शन के दौरान राजस्व संग्रह अमीन संघ के पदाधिकारियों के साथ-साथ लेखपाल संघ और राजस्व संग्रह अनुसेवक संघ के पदाधिकारियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराकर अपना समर्थन दिया। अमीनों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरी गई बाइक बरामद नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करेंगे। इस दौरान हेमेन्द्र प्रताप सिंह, रजत यादव, सुनीता सिंह, विश्वनाथ सिंह, संजय कुमार त्रिपाठी सहित भारी संख्या में राजस्व कर्मी मौजूद रहे। इस संबंध में उपजिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि “घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी को चोरी की घटना का शीघ्र अनावरण करने और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व कर्मियों की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।”
बहराइच:सीसीटीवी में कैद है बुलेट चोरी की वारदात, पुलिस की सुस्ती के खिलाफ अमीन संघ का हल्लाबोल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












