बहराइच में नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी/संयुक्त सचिव, भारत सरकार आलोक तिवारी ने रविवार को राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के साथ पुस्तकालय के अपग्रेडेशन कार्य का जायजा लिया, जिसे कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम निर्माण खण्ड बहराइच द्वारा किया गया है। यह पुस्तकालय नीति आयोग, भारत सरकार से वर्ष 2023 में प्राप्त 103.65 लाख रुपये की धनराशि से डिजिटल रूप में अपग्रेड किया गया है। इसका उद्देश्य जनपद स्तर पर प्रतियोगी छात्रों को अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना है।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने प्रभारी अधिकारी को बताया कि राजकीय जिला पुस्तकालय के अपग्रेडेशन कार्य में सबसे बड़ी चुनौती पूर्व में स्थापित पुस्तकों, फर्नीचर और अलमारियों को हटाकर नवीनीकरण करना था। तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए, पाठकों की सुविधा के लिए पुस्तकालय को वातानुकूलित किया गया है और वाई-फाई सुविधा के साथ डिजिटली अपग्रेड किया गया है। डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से प्रतियोगी छात्रों को एक ही स्थान पर न्यूनतम शुल्क पर ऑफलाइन और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो रही है। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता इं. चन्द्र प्रकाश त्रिवेदी, आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. पीयूष नायक और अपर सांख्यिकीय अधिकारी तीरथ राम वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नीति आयोग के सहयोग से बहराइच पुस्तकालय डिजिटल हुआ:केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने अपग्रेडेशन कार्य का निरीक्षण किया
RELATED ARTICLES












