HomeHealth & Fitnessअमन-चैन और भाईचारे की दुआओं के साथ बड़ी ईदगाह में अदा हुई...

अमन-चैन और भाईचारे की दुआओं के साथ बड़ी ईदगाह में अदा हुई बकरीद की नमाज

कानपुर  । बेनाझावर स्थित बड़ी ईदगाह में गुरुवार सुबह ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। सुबह से ही नमाजियों का ईदगाह पहुंचना शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा परिसर लोगों से भर गया। करीब एक लाख लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर मुल्क में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। शहर काजी और धर्मगुरुओं की अपील पर सभी लोगों ने ईदगाह परिसर के भीतर ही नमाज पढ़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।

त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। ईदगाह और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। आरएएफ की टीम भी मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए चार ड्रोन कैमरे लगाए गए थे, जिनकी मॉनिटरिंग के लिए अलग से कंट्रोल रूम बनाया गया था। अधिकारी लगातार हर गतिविधि पर नजर बनाए रहे।

नमाज के बाद जिला अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। तीन दिन तक चलने वाले त्योहार को देखते हुए संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए थे।

ईदगाह में बनाए गए प्रशासनिक कैंप में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन टाडा और सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से मुलाकात कर त्योहार की बधाई दी। पुलिस कमिश्नर ने बच्चों को मिठाई खिलाई और उन्हें गोद में लेकर शुभकामनाएं दीं।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन टाडा ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से नमाज संपन्न कराई गई। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरे दिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

ईदगाह कमेटी के सदस्य शारिक नवाब ने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं बेहतर रहीं और नमाजियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन और तरक्की की दुआ मांगी।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी भी सपा कैंप पहुंचे और लोगों को बकरीद की मुबारकबाद दी। उनके साथ आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी, जिलाध्यक्ष फजल महमूद और जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments