बहराइच। जनपद के बलहा विकास खंड में स्थित अन्नपूर्णा भवन उद्घाटन के दो साल के भीतर ही जर्जर होने लगा है। 12 नवंबर 2024 को धूमधाम से उद्घाटन हुए इस भवन की दीवारों में दरारें आ गई हैं और फर्श जगह-जगह धंसने लगे हैं। इससे निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है। मझौवा भूलौरा में बने अन्नपूर्णा भवन की स्थिति भी ऐसी ही है। सबसे गंभीर समस्या यह है कि राशन वितरण के लिए कोटेदारों की मशीन चार्ज करने हेतु विभाग ने आज तक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया है। कोटेदारों को मजबूरन अपनी मशीनें घर से चार्ज करके लानी पड़ती हैं। भवन पर लगी नाम पट्टिका पर भी पुराने अधिकारियों के नाम दर्ज हैं, जबकि कई अधिकारियों का स्थानांतरण हो चुका है। वर्तमान में ग्राम पंचायत अधिकारी दीक्षा वर्मा, खंड विकास अधिकारी राहुल पाण्डेय, उपायुक्त श्रम रोजगार रवि शंकर पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता और जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी तैनात हैं। ग्राम्य विकास विभाग ने अभी तक नए अधिकारियों के नाम अपडेट नहीं किए हैं। वहीं, प्रभारी खंड विकास अधिकारी ने बताया कि भवन का निर्माण कर पूर्ति विभाग को सौंप दिया गया है, और अब इसकी जिम्मेदारी उनकी है। वहीं, पूर्ति निरीक्षक बलहा साधना श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें टूट-फूट की जिम्मेदारी के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन वह मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराएंगी।
बलहा अन्नपूर्णा भवन 2 साल में जर्जर, फर्श धंसे:बिजली कनेक्शन भी नहीं, पट्टिका पर अभी तक पूराने अधिकारियों के नाम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












