श्रावस्ती में भीषण गर्मी के बीच बिजली की बदहाली को लेकर बीजेपी विधायक राम फेरन पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इकौना स्थित अपने आवास पर श्रावस्ती, गोंडा और बलरामपुर के बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। विधायक ने साफ कहा कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक में देवीपाटन मंडल के चीफ हाइडिल, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ और जेई मौजूद रहे। विधायक ने जिले की बिजली व्यवस्था, लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराब होने और अनियमित आपूर्ति जैसे गंभीर मुद्दों पर अधिकारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। विधायक राम फेरन पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने 22 मई को मुख्यमंत्री से बिजली समस्या को लेकर मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए 24 मई को पूरे प्रदेश के बिजली अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए थे। उसी क्रम में यह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लालबोझी फीडर की लो वोल्टेज समस्या को सबसे गंभीर बताया गया। इसके समाधान के लिए लालबोझी, रमवापुर जोरडीह, चैनपुर, भटपुरवा कला, मिश्रौलिया और शिवपुर बनकट सहित बलरामपुर सीमा से सटे सात गांवों को बलरामपुर फीडर से जोड़ने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बिजली समस्याओं को दूर करने का कार्य 48 घंटे के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। ट्रांसफार्मर की समस्या पर विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मर अब हफ्तों तक नहीं पड़े रहेंगे। किसी भी गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने पर उसे 24 घंटे के भीतर बदला जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर एक रुपये की भी वसूली हुई तो सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी और दोषी को जेल भेजा जाएगा। विधायक के इन सख्त तेवरों और अल्टीमेटम के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन निर्देशों के बाद श्रावस्ती में बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और उन्हें राहत मिलेगी।
भाजपा विधायक का बिजली अफसरों को 48 घंटे का अल्टीमेटम:श्रावस्ती में राम फेरन पाण्डेय बोले- ट्रांसफार्मर बदलने में वसूली पर होगी FIR
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












