
लखनऊ। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ की बालक टीम ने मेरठ में आयोजित इंटर ग्रुप थल सैनिक कैंप चैंपियनशिप-2026 में एनसीसी निदेशालय, प्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुपों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। 63 यूपी बटालियन एनसीसी को लखनऊ ग्रुप की बालक टीम के चयन, प्रशिक्षण एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, वीएसएम, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप लखनऊ तथा कर्नल अनिल शर्मा, कमान अधिकारी, 63 यूपी बटालियन एनसीसी के नेतृत्व में टीम ने कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया और शानदार प्रदर्शन किया। ओवरऑल ट्रॉफी जीतने के साथ-साथ कैडेटों ने प्रतियोगिता में प्रदान किए गए 15 व्यक्तिगत पदकों में से 6 पदक (2 स्वर्ण एवं 4 रजत) भी अपने नाम किए। ये पदक फायरिंग, सर्विस सब्जेक्ट रिटन एग्जामिनेशन, हेल्थ एंड हाइजीन तथा जजिंग डिस्टेंस एवं फील्ड सिग्नल्स प्रतियोगिताओं में प्राप्त हुए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित कैडेट अब अगले चरण के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे, जहां से उनका चयन नई दिल्ली में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप के लिए किया जाएगा। लखनऊ लौटने पर विजेता टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।











