सिद्धार्थनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों से दूध, दही और पनीर के कुल छह नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर की गई। गर्मी के मौसम में दूध और दुग्ध उत्पादों की खपत बढ़ने के साथ मिलावट की आशंकाओं को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आर.एल. यादव के नेतृत्व में गठित सचल दल ने जिले के विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जांच की। इस कार्रवाई से संबंधित कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने सबसे पहले बांसी बाजार से पनीर का एक नमूना लिया। इसके बाद गोनहाताल क्षेत्र से दूध और दही के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। जोगिया विकास क्षेत्र के नादेपार से दूध का एक नमूना लिया गया, जबकि नौगढ़ तहसील के तेतरी बाजार से दूध और दही के एक-एक नमूने भरकर सील किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी नमूनों को सीलबंद कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद यह तय होगा कि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता या कारोबारी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाजार में मिलावटी और निम्न गुणवत्ता वाले उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए दूध, दही, पनीर और खोवा सहित अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच जारी रहेगी। विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न बाजारों, डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर आगे भी जांच और नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी अभियान के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय आर.एल. यादव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल एवं नीरज कुमार चौधरी मौजूद रहे। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो उसकी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सिद्धार्थनगर में दूध-दही मिलावट पर अभियान:खाद्य विभाग ने छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












