भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हमीदिया परिसर में रविवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक महिला भी शामिल हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। कार चालक की लापरवाही और तेज स्पीड से नाराज भीड़ ने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया। गुस्से में लोगों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की, उसके शीशे तोड़ दिए और अंत में पूरी कार को सड़क पर पलट दिया।
जानकारी के अनुसार, हमीदिया अस्पताल परिसर में कार तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे में गीता सेन (44) पत्नी प्रहलाद सेन निवासी पिपलानी और जावेद नाम का एक युवक भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने कार चालक के खिलाफ नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने गुस्से में कार के शीशे तोड़ दिए और बाद में वाहन को पलट दिया। सूचना मिलने पर कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। पुलिस कार चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।












