#बस्ती_न्यूज
अवैध कट बना ‘यमदूत’: बस्ती में NH-27 पर कवलपुर ढाबे के पास मौत का जाल, कई लोग गंवा चुके हैं जान राष्ट्रीय राजमार्ग 27 (NH-27) पर विक्रमजोत हर्रैया छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला एक अवैध कट इस समय स्थानीय लोगों के लिए काल बन चुका है। कवलपुर अवधेश सिंह ढाबा के पास, फ्लाईओवर के पूर्वी हिस्से में अयोध्या-बस्ती लेन पर स्थित यह अवैध कट अब तक कई भीषण दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है और कई मासूमों की जिंदगी लील चुका है। यह अवैध कट फ्लाईओर (पुल) के ठीक अंतिम छोर पर बनाया गया है, जहां से सर्विस रोड का ट्रैफिक सीधे नेशनल हाईवे की मुख्य लेन पर चढ़ता है। स्थानीय वाहन चालक और यात्री विक्रमजोत बाजार में शॉर्टकट से दाखिल होने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर इस कट का इस्तेमाल करते हैं। राम किशोर मोदनवाल की दुकान के ठीक सामने स्थित यह पॉइंट चौबीसों घंटे दुर्घटनाओं का केंद्र बना रहता है। पेट्रोल पंप से निकले ट्राले के पलटने से मची थी अफरा-तफरी कुछ महीने पहले यहां एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। बजरंगबली अवधेश सिंह पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाकर निकला एक अनियंत्रित ट्राला इसी अवैध कट से हाईवे पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। पुल की निकटता और राजमार्ग की अत्यधिक ऊंचाई के चलते भारी-भरकम ट्राला अचानक बाईं ओर झुकने लगा। वहां खड़े ई-रिक्शा चालकों ने जब ट्राले को अपनी ओर पलटते देखा, तो स्टैंड पर भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई ई-रिक्शा ट्राले के नीचे दबकर चकनाचूर हो गए और कई सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) विक्रमजोत भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि ट्राले की रफ्तार बेहद कम थी, वरना एक बड़ी जनहानि तय थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों को रद्दी की टोकरी में डाला इस डेंजर जोन को लेकर विक्रमजोत बाजार निवासी माता प्रसाद कशौधन, विजय कुमार, अर्जुन कुमार, रबीन्द्र सिंह और शंकरपुर के मेराज आलम, जाहिद अली, मुन्ना, राम चन्दर समेत दर्जनों ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि हमने कई बार नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) और स्थानीय प्रशासन से इस अवैध कट को बंद करने की गुहार लगाई है, लेकिन हमारी शिकायतों पर आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिम्मेदार किसी बड़े नरसंहार का इंतजार कर रहे हैं। ‘हम लाचार हैं, आगे रिपोर्ट भेज दी है’ जब इस गंभीर समस्या और लगातार हो रही मौतों को लेकर हाईवे पेट्रोलिंग मैनेजर अरविंद पाण्डेय से बात की गई, तो उन्होंने अपनी लाचारी जताते हुए पल्ला झाड़ लिया हाईवे पेट्रोलिंग मैनेजर अरविंद पाण्डेय ने बताया कि हमने इस अवैध कट के संबंध में उच्चाधिकारियों को आगे रिपोर्ट भेज दी है, लेकिन वहां से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसमें हम अपने स्तर से कुछ नहीं कर सकते। मैनेजर के इस बयान से साफ है कि विभाग कागजी घोड़े दौड़ाकर शांत बैठा है, जबकि जमीन पर यह अवैध कट आज भी ‘यमदूत’ बनकर गाड़ियों का इंतजार कर रहा है। अगर इसे तुरंत ब्लॉक नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यहां फिर किसी के घर का चिराग बुझ सकता है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
विक्रमजोत NH-27 पर अवैध कट, कई मौतें:राम किशोर मोदनवाल की दुकान के सामने लगातार दुर्घटनाएं
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












