लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला किया गया। महिला कमला ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमला ने अपनी शिकायत में बताया कि 1 मई की सुबह वह चंद्रावल स्थित लक्ष्मण खेड़ा में अपनी जमीन पर मौजूद थी। इसी दौरान बिजनौर के साउथ सिटी निवासी राकेश यादव अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अवैध कब्जे को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने अवैध असलहे और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गईं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे विमलेश और सौरभ को भी आरोपियों ने पीट दिया। पुलिस ने कमला की तहरीर पर राकेश यादव, उसके ड्राइवर, कासिफ उर्फ मोनिस, मुदस्सिर, मुजीब, रामनरेश, राम जी उर्फ छोटू और शंकर के खिलाफ जानलेवा हमले और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।












