भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की हल्लौर शाखा में सोमवार को नकदी संकट के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन कई उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। शादी-विवाह के मौसम में अचानक उत्पन्न हुई इस समस्या ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। सोमवार सुबह से ही बैंक में नकदी उपलब्ध नहीं थी। पैसा निकालने पहुंचे उपभोक्ता करीब दो घंटे तक बैंक परिसर में बैठे रहे। बैंक अधिकारी भी स्थिति को लेकर बेबस नजर आए। अधिकारियों का कहना था कि फिलहाल शाखा में कैश समाप्त हो चुका है और जब तक कोई व्यापारी या ग्राहक पैसा जमा नहीं करेगा, तब तक भुगतान कर पाना संभव नहीं है। नकदी की कमी के कारण बैंक के अंदर और बाहर लोगों की लंबी भीड़ लगी रही। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें जरूरी कामों, शादी-विवाह की खरीदारी, दवा और घरेलू जरूरतों के लिए पैसों की आवश्यकता थी, लेकिन बैंक से नकदी न मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों से आए बुजुर्ग और महिलाएं भी घंटों लाइन में खड़ी रहीं। मेंहदी, हाशिम, राकेश, सुनील आदि उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की किल्लत ने लोगों को परेशान किया, अब बैंकों में नकदी संकट नई मुसीबत बनकर सामने आ रहा है। लोगों ने बैंक प्रशासन से जल्द पर्याप्त कैश उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। इस संबंध में शाखा प्रबंधक राजेंद्र राम ने बताया कि तकनीकी और कैश आपूर्ति संबंधी कारणों से सोमवार को शाखा में नकदी की कमी हो गई थी। उन्होंने कहा कि बैंक प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहा है और जल्द ही पर्याप्त कैश उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी ग्राहक को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
भारतीय स्टेट बैंक शाखा हल्लौर में नकदी का संकट:सिद्धार्थनगर में उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला भुगतान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












