
लखनऊ। मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित प्रमाण पत्र वितरण एवं मत्स्य पालकों की गोष्ठी के आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम रविवार को मेडिकल कॉलेज सभागार में किया गया। मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ० संजय कुमार निषाद ने कहा कि वर्षों तक पिछली सरकारों ने मछुआ समाज और मत्स्य पालकों को केवल वोट बैंक समझने का कार्य किया। समाज के विकास,रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई। विभिन्न राजनीतिक दलों ने केवल मछुआ समाज को पीछे रखने का षड्यंत्र रचा और समाज को भ्रमित करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा की आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मछुआ समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा मत्स्य पालन, निषादराज बोट योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे समाज के लोगों को आर्थिक मजबूती और रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बहन वीरांगना फूलन देवी हमारी विरासत हैं और समाज की अस्मिता एवं सम्मान का प्रतीक हैं। हम किसी भी कीमत पर अपनी विरासत को किसी के द्वारा छीनने नहीं देंगे। समाज को बांटने भ्रम फैलाने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं, लेकिन मछुआ समाज अब जागरूक हो चुका है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें संगठित रहकर दल के साथ मजबूती से खड़ा रहना है।












