#बस्ती_न्यूज
बस्ती के छावनी कस्बे में सर्विस लेन स्थित नाले की सफाई का कार्य स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बीते एक सप्ताह से नाले से निकाला गया कचरा सर्विस लेन पर ही पड़ा हुआ है, जिससे पूरी सड़क गंदगी और कीचड़ से भर गई है। इससे राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम ने पिछले मंगलवार से नाले की सफाई शुरू की थी। हालांकि, सफाई के बाद निकाले गए कचरे का समय पर उठान नहीं कराया गया। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण यह कचरा सड़क पर फैलकर कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे सर्विस लेन से गुजरना मुश्किल हो गया है। इस स्थिति के कारण ग्राहकों की आवाजाही काफी कम हो गई है, जिससे दर्जनों दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासी शादाब खान, आकिब खान, गुल्ल मोहम्मद, संतोष और सुजीत सहित अन्य लोगों ने बताया कि सावन माह और कांवड़ यात्रा शुरू होने में अब केवल तीन दिन शेष हैं। ऐसे में इस मार्ग से श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही बढ़ जाएगी। लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते सर्विस लेन की साफ-सफाई और कचरे का निस्तारण नहीं कराया गया तो उन्हें और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और संबंधित अधिकारियों से तत्काल सर्विस लेन पर फैले कचरे को हटवाकर सड़क की समुचित सफाई कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों, श्रद्धालुओं और व्यापारियों को राहत मिल सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती के छावनी में नाले की सफाई बनी मुसीबत:एक सप्ताह से सर्विस लेन पर गंदगी, राहगीर-दुकानदार परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












