#बस्ती_न्यूज
गरीबों को सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से बनाई गई काशीराम आवास योजना डारीडिहा में अब खुद बदहाली की मिसाल बनती जा रही है। यहां रहने वाले सैकड़ों परिवारों का सब्र शुक्रवार को टूट गया। पेयजल संकट, जाम नालियां, गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था से परेशान लोगों ने आवास परिसर में धरना देकर नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि महीनों से शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिला अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पानी की टंकी बनी शोपीस, ऊपरी मंजिलों तक नहीं पहुंच रहा पानी आवासीय परिसर के लोगों का कहना है कि परिसर में पानी की टंकी तो बनी है, लेकिन दूसरी और तीसरी मंजिल तक पानी पहुंच ही नहीं पाता। कई सरकारी नल लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि जो पानी आता भी है, वह गंदा और दूषित होता है, जिससे पीने योग्य पानी के लिए उन्हें अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ रही है। गंदगी, जाम नालियां और जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत निवासियों ने बताया कि पूरे परिसर की नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह जलभराव, कूड़े के ढेर और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ गए हैं। लोगों का कहना है कि मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। महिलाएं बोलीं- पानी के लिए रोज करनी पड़ती है जंग धरने में शामिल महिलाओं ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंचने के कारण उन्हें नीचे से बाल्टियों में पानी भरकर ले जाना पड़ता है। कई बार मजबूरी में निजी साधनों से पानी खरीदना पड़ता है। उनका कहना है कि गरीबों के लिए बनाई गई योजना में रहने वाले परिवार आज बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। ‘शिकायत पर सिर्फ आश्वासन’, नगर पालिका पर लगाए गंभीर आरोप प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और नगर पालिका अध्यक्ष ने समस्या के समाधान के बजाय केवल आश्वासन दिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते पेयजल और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती तो आज लोगों को धरने पर बैठने की नौबत नहीं आती। अल्टीमेटम: समस्या नहीं सुलझी तो होगा डीएम कार्यालय का घेराव धरना दे रहे लोगों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं हुई, खराब नलों की मरम्मत नहीं कराई गई और नालियों की सफाई शुरू नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने जिला अधिकारी कार्यालय का घेराव करने और बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की। प्रदर्शन में शबनम, मालती देवी, माया, रामादेवी, प्रिया, रेशमा, नैना, बिब्बो, सीता, गुलाब, जाकिर हुसैन, दुर्गेश कुमार, गुलाम अली, मंजू, रेखा देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय निवासी शामिल रहे। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर तत्काल स्थायी समाधान की मांग की।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में काशीराम आवास में सुविधाओं का संकट:सैकड़ों परिवार सड़क पर, डीएम कार्यालय घेरने की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












