#बस्ती_न्यूज
बस्ती के गौर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से साइबर जालसाजों ने 85,400 रुपये की ठगी की है। यह धोखाधड़ी जिला कारागार में बंद एक युवक को जेल से छुड़ाने के नाम पर की गई। जालसाजों ने जेल में बंद युवक के पिता को फोन किया और बेटे को जेल से बाहर निकलवाने का झांसा दिया। इसके एवज में उन्होंने पैसों की मांग की और एक क्यूआर स्कैनर भी भेजा। बेटे के मोह में पिता जालसाजों के इरादों को समझ नहीं पाए और उन्होंने तुरंत पैसे ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्हें इस फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। इस संबंध में गौर पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने अपनी तहरीर में बताया है कि उनके पिता के मोबाइल पर 19 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि वह उनके जेल में बंद बेटे को छुड़ा सकता है। चूंकि उनका बेटा एक मुकदमे में जेल में था, इसलिए पिता को जालसाज की बातों पर आसानी से विश्वास हो गया। इसके बाद जालसाज ने जेल से छुड़वाने के लिए पैसों की मांग की और उनके मोबाइल नंबर पर एक क्यूआर स्कैनर भेजा। बेटे को जल्द से जल्द जेल से बाहर निकलवाने की चाहत में उन्होंने बिना देर किए 85,400 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उनका दूसरा बेटा आया और उसने जानकारी जुटाई, तब उन्हें साइबर फ्रॉड का पता चला। थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अंजन ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
जेल से छुड़ाने के नाम पर 85,400 रुपए की ठगी:साइबर जालसाजों ने एक व्यक्ति को बनाया शिकार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












