Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती की मुंडेरवा चीनी मिल परिसर में युवक की मौत:ट्रक से कुचलने...

बस्ती की मुंडेरवा चीनी मिल परिसर में युवक की मौत:ट्रक से कुचलने की आशंका, पुलिस पहचान में जुटी

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के मुंडेरवा चीनी मिल परिसर में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि देर रात चीनी लादकर जा रहे किसी ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिशें शुरू कर दी हैं।स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह मिल परिसर में लगभग 20 वर्षीय युवक का शव देखा। घटनास्थल की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह हादसा देर रात हुआ होगा। आसपास के लोगों के अनुसार, रात के समय मिल परिसर में ट्रकों का लगातार आवागमन रहता है, जिससे किसी अज्ञात ट्रक द्वारा युवक को कुचलने की आशंका प्रबल हो गई है।मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। युवक का रंग गेहूंआ है और चेहरे पर हल्की दाढ़ी है। उसने आसमानी और काले रंग की फुल बांह की टी-शर्ट पहन रखी है। उसके हाथ पर “बोल बम” गुदा हुआ है, जिसे पहचान के लिए महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। पुलिस प्रारंभिक जांच में यह संभावना भी तलाश रही है कि मृतक किसी ट्रक का खलासी हो सकता है, जो किसी वाहन के साथ आया होगा और रात में हादसे का शिकार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक महेंद्र कुमार श्रीवास्तव और मुख्य गन्ना प्रबंधक रवींद्र धर द्विवेदी सहित मिल का अन्य स्टाफ भी घटनास्थल पर मौजूद रहा। पुलिस और चीनी मिल प्रशासन ने मिलकर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी संबंधी जानकारी जुटा रही है और मिल परिसर में आने-जाने वाले वाहनों की भी पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments