अम्बेडकरनगर । ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार को थाना कोतवाली अकबरपुर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। कोतवाल श्रीनिवास पांडे के नेतृत्व में सुंदर कांड का सामूहिक पाठ किया गया, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह विशेष रूप से भंडारे स्थल पर पहुंची। दोनों अधिकारियों ने पूजा-अर्चना की, तत्पश्चात भक्तों को प्रसाद वितरित कर और स्वयं भी प्रसाद ग्रहण कर भक्ति भाव प्रदर्शित किया।
कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि सुंदर कांड पाठ और भंडारा आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सद्भाव, भक्ति और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
भंडारे में अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर नीतीश कुमार तिवारी, ईओ अकबरपुर बीना सिंह सहित स्थानीय नागरिकों, भक्तों, पुलिसकर्मियों और पत्रकार बंधुओ की भारी भीड़ उमड़ी। प्रसाद वितरण के दौरान सभी ने एक साथ भोजन ग्रहण कर सामूहिकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।












