#बस्ती_न्यूज
बस्ती की जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने विकास खंड परसरामपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज धरमपुर, मिनी स्टेडियम धरमपुर, वृहद गोसंरक्षण केंद्र ग्राम पंचायत नारायणपुर और हर्रैया स्थित पौधशाला का भी जायजा लिया। विकास खंड परसरामपुर में जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर, शिकायत पटल, अकाउंट कक्ष, आवास और पत्रावलियों का अवलोकन किया। यहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निर्माणाधीन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज धरमपुर में उन्होंने हाइड्रोलिक लैब, वर्कशॉप, क्लासरूम, सड़क कार्य, शौचालय, किचन और आवास का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पाया कि मौके पर केवल 10 श्रमिक कार्य कर रहे थे। कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सहायक अभियंता (एई) अरविंद कुशवाहा का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। मिनी स्टेडियम धरमपुर में जिलाधिकारी ने ड्राइंग का अवलोकन किया। कार्यदायी संस्था ने बताया कि यह कार्य मई 2027 तक पूरा किया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मिनी स्टेडियम का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई समस्या आती है, तो तत्काल सूचित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। वृहद गोसंरक्षण केंद्र ग्राम पंचायत नारायणपुर पहुंचकर जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव से गौशाला के मानकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पानी, भूसा गोदाम, विद्युत और हरे चारे की व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित लोगों ने परिसर में बरसात के मौसम में जल जमाव की समस्या बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गौशालाओं के चारों ओर बाउंड्रीवॉल का कार्य शीघ्र पूरा कर संबंधित विभाग को गौशाला हैंडओवर की जाए। उन्होंने अधिकारियों को उपयुक्त जमीन चिह्नित कर नेपियर घास की बुवाई की कार्ययोजना तैयार करने का भी निर्देश दिया। हर्रैया स्थित पौधशाला में उन्होंने जामुन, फलदार, छायादार, सेमर, आम, नींबू, सागौन सहित अन्य पौधों का गहनता से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी को निर्देश दिया कि गौशालाओं की सूची उपलब्ध कराई जाए और उन गौशालाओं में आवश्यकतानुसार उपयुक्त पौधों का पौधरोपण प्राथमिकता से कराया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार सिंह, सहायक अभियंता अरविंद कुशवाहा, एक्सईएन आरईडी अंकुर वर्मा और सुपरवाइजर प्रदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
डीएम ने परसरामपुर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया:राजकीय पॉलिटेक्निक और मिनी स्टेडियम का भी लिया जायजा
RELATED ARTICLES












