बिजनौर। जनपद में चल रही बाढ़ सुरक्षा एवं कटाव निरोधक परियोजनाओं का जिलाधिकारी ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिर्जापुर के समीप गंगा तट पर चल रहे कटाव निरोधक कार्यों, यूसुफपुर-बाकरपुर तटबंध की मरम्मत तथा मध्य गंगा बैराज क्षेत्र में निर्माणाधीन सुरक्षा कार्यों की प्रगति देखी।
ग्राम मिर्जापुर स्थित गलका मंदिर के पास अधिकारियों ने बताया कि एक नए स्पर का निर्माण और एक पुराने स्पर की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने से गलका मंदिर व आसपास के ग्रामीण इलाकों को गंगा कटान और बाढ़ के खतरे से राहत मिलेगी।
इसके बाद डीएम ने मालन नदी पर स्थित यूसुफपुर-बाकरपुर तटबंध का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि परियोजना पूरी होने पर यूसुफपुर, बाकरपुर, इमामपुर समेत कई गांवों को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी और जन-धन की हानि को रोका जा सकेगा।
मध्य गंगा बैराज तटबंध पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रस्तावित स्टडों में से तीन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। जिलाधिकारी ने शेष कार्य युद्धस्तर पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सभी परियोजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड धामपुर अवधेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











