लखीमपुर-खीरी,23 मई(तरूणमित्र)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जनपद पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने थाना शारदानगर स्थित मिशन शक्ति केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने शिकायत रजिस्टर, हेल्पलाइन रजिस्टर, काउंसलिंग रजिस्टर समेत सभी अभिलेखों की गहन जांच की और प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।
एसपी ने केन्द्र में तैनात महिला स्टाफ, काउंसलर एवं अन्य कर्मचारियों से दैनिक कार्यप्रणाली, पीड़ितों को दी जा रही सहायता तथा शिकायतों के फॉलो-अप के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही केन्द्र में बैठने की व्यवस्था, हेल्प डेस्क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। डॉ. ख्याति गर्ग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी शिकायतों पर समयबद्ध और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को तत्काल न्याय और सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्र महिलाओं के भरोसे का केन्द्र बने, इसके लिए हर स्तर पर जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी भी मौजूद रहे।












