HomeHealth & Fitnessऔचक निरीक्षण में एसपी ने परखी चरवा थाने की पुलिसिंग, लंबित विवेचनाओं...

औचक निरीक्षण में एसपी ने परखी चरवा थाने की पुलिसिंग, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

IMG-20260817-WA0307कौशाम्बी। जिले पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने सोमवार को थाना चरवा का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं को देखा तथा पुलिसकर्मियों को जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए महिला एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए।

इसके बाद साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों और उन पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने साइबर अपराध पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के साथ ही आमजन को साइबर ठगी और अन्य ऑनलाइन अपराधों से बचाव के लिए लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए।

एसपी ने विवेचना कक्ष का निरीक्षण कर लंबित विवेचनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी विवेचनाएं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध पूरी की जाएं। विवेचनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हवालात की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना परिसर में निर्माणाधीन बैरक का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का ध्यान रखते हुए कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की समग्र व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों से कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के साथ प्रभावी गश्त, संदिग्धों की चेकिंग और क्षेत्र में सतर्क निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के साथ बेहतर व्यवहार और संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular