दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही मौसम आंख-मिचौली कर रहा था और इस पूरे क्षेत्र में तेज हवा चलने के साथ में हल्की बारिश हुई। बारिश के कुछ देर बाद ही तेज धूप खिल गई, जिससे उमस बढ़ गई। मगर, दोपहर 2 बजे के बाद एक बार फिर से मौसम बना और राजस्थान से आ रही तेज धूल भरी आंधी ने हवाओं को ठंडा कर दिया। इसके कुछ देर बाद ही दिल्ली में झमाझम बारिश हुई।
दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के आसपास इतना पानी बरसा कि सड़कों पर पानी जमा हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी करते हुए बताया था कि दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और 70-90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: आखिर किसकी पार्टी है NCPI? शेवली कुंडू और शांतनु डे की बातों से उलझा मामला
पालम में 92 किमी रफ्तार से चली हवा
पालम में ढाई बजे हवा की रफ्तार 92 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों ने अचानक आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया है जो हिमालयी क्षेत्र पर असर डाल रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार से इसका असर कम होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: शुरू हुआ जेवर एयरपोर्ट, जमीन देने वाले किसानों को लेकर लखनऊ पहुंची पहली फ्लाइट
राजस्थान में सौकड़ों फीट ऊंची धूल भरी आंधी
दिल्ली में सुबह के समय भी हल्की बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। बता दें कि राजस्थान के चुरू जिले में आज सौकड़ों फीट ऊंची धूल भरी आंधी चली।












