HomeHealth & Fitnessबंगाल में गर्मी का असर बढ़ा, उत्तर बंगाल में भारी बारिश का...

बंगाल में गर्मी का असर बढ़ा, उत्तर बंगाल में भारी बारिश का पूर्वानुमान

कोलकाता ।  पश्चिम बंगाल में गर्मी का असर फिर तेज होने लगा है। कुछ दिन पहले लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में सुबह और रात के समय मौसम सुहावना बना हुआ था। लेकिन पिछले दो–तीन दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। तापमान के साथ ‘रियल फील’ गर्मी बढ़ी है और हवा में नमी के कारण उमस भी महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह से ही कोलकाता में तेज धूप का असर देखा गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अलीपुर मौसम कार्यालय की जानकारी के मुताबिक मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान साफ रहने के कारण फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। वहीं हवा में नमी अधिक होने से उमस और असहजता बढ़ सकती है। अनुमान है कि शुक्रवार तक शहर का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

दक्षिण बंगाल में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने के संकेत हैं। अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना कम है और शनिवार तक तापमान में क्रमिक वृद्धि हो सकती है। नमी अधिक रहने के कारण उमस भी बढ़ेगी। पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर अधिक महसूस होने की संभावना है और दोपहर के समय कहीं-कहीं सूखी गर्म हवाएं चल सकती हैं।

दूसरी ओर उत्तर बंगाल में मौसम बिल्कुल विपरीत बना हुआ है। बुधवार को भी कई जिलों में भारी बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार तक वर्षा का यह दौर जारी रह सकता है। बुधवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वर्षा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।

गुरुवार को भी उत्तर बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना बनी रहेगी। विशेष रूप से जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। हालांकि शुक्रवार से बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है और शनिवार के बाद उत्तर बंगाल के जिलों में तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments