महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने इंदौर में आयोजित पश्चिमी क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति की बैठक में लिया हिस्सा
अंतरराज्यीय समन्वय, साइबर अपराध रोकथाम, गुमशुदा बच्चों की खोज, नारकोटिक्स कंट्रोल एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग पर हुआ मंथन
प्रकाश चंद्र शर्मा
जयपुर/इंदौर
मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को आयोजित 13वीं वेस्टर्न रीजनल पुलिस कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में राजस्थान के महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने भाग लिया। बैठक में मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और गोवा के पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार के साथ विभिन्न राज्यों के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ऑफलाइन व ऑनलाइन जुड़कर अंतरराज्यीय सहयोग व समन्वय से अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया।
राजस्थान पुलिस की ओर से महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के साथ अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह, पुलिस महानिरीक्षक के.बी. वंदना तथा चित्तौड़गढ़ के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बैठक में सहभागिता की और विविध विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चाएं कर सुझाव दिए।
*समसामयिक चुनौतियों पर हुई प्रस्तुतियां:*
बैठक के दौरान विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें बड़े धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा एवं प्रभावी पुलिस प्रबंधन, गुमशुदा बच्चों की खोज के नवाचारों, साइबर अपराधों के पीछे के इन्फ्रास्ट्रक्चर को ध्वस्त करने की रणनीति, आपराधिक न्याय प्रणाली में आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल समाधान का उपयोग तथा नारकोटिक्स ड्रग्स की बढ़ती चुनौतियों के समाधान जैसे विषयों पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा विविध प्रस्तुतियां दी गई व प्रत्येक प्रस्तुति के उपरांत प्रतिभागी राज्यों के अधिकारियों ने विस्तृत चर्चा कर अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए।
*राजस्थान पुलिस ने साझा किए नवाचार एवं अनुभव:*
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने बैठक में राजस्थान पुलिस द्वारा साइबर अपराध नियंत्रण, तकनीक आधारित पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, अपराध नियंत्रण तथा अंतरराज्यीय समन्वय के क्षेत्र में किए जा रहे विविध नवाचारों एवं प्रभावी प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विविध राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान, समन्वित रणनीति तथा आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग भविष्य की चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
*इन विषयों पर भी हुई चर्चा :*
बैठक में पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों ने अंतरराज्यीय अपराधों की रोकथाम, संगठित अपराध एवं साइबर अपराध के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग तथा पुलिस बलों के बीच सहयोग को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। साथ ही विभिन्न राज्यों में अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा करते हुए उन्हें अन्य राज्यों में भी अपनाने पर सहमति व्यक्त की गई।
*भविष्य की कार्ययोजना पर भी हुआ मंथन:*
बैठक के समापन सत्र में प्रतिभागी राज्यों के अधिकारियों ने अन्य समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की। साथ ही पश्चिमी क्षेत्र में पुलिस सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने, साझा कार्ययोजना तैयार करने तथा आगामी समन्वय बैठक के आयोजन से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया।












