Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)पुराने लकड़ी के पोल से हो रही बिजली आपूर्ति:सिद्धार्थनगर में ग्रामीणों में...

पुराने लकड़ी के पोल से हो रही बिजली आपूर्ति:सिद्धार्थनगर में ग्रामीणों में हादसे का डर, बिजली विभाग से की शिकायत


डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम वासा दरगाह, डाकखाना डीह में बिजली व्यवस्था बदहाल स्थिति में है। गांव में आज भी लगभग 40 वर्ष पुराने लकड़ी के पोल के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। यह जर्जर पोल अब पूरी तरह कमजोर पड़ चुका है और किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। तारिक असलम, अजीम, महेंद्र, हाशिम के अनुसार, लकड़ी का यह पोल कई जगह से सड़ चुका है और एक तरफ झुक गया है। पोल पर बिजली के तारों का जाल लटका हुआ है, जिन्हें अस्थायी रूप से बांधकर आपूर्ति जारी रखी गई है। इसके अलावा, आसपास मौजूद पेड़ों की शाखाएं भी बिजली के तारों को छू रही हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और तेज हवा के दौरान स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। उन्हें डर है कि यदि पोल अचानक गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका है। यह जर्जर पोल गांव के बच्चों और राहगीरों के लिए भी खतरे का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। विभाग की उदासीनता से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल रहे हैं। इस मामले में बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कराकर जल्द ही जर्जर लकड़ी के पोल को हटाकर नए सीमेंटेड पोल लगाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments