HomeUncategorizedवन विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण, निचलौल-चिउटहां मार्ग किया जाम

वन विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण, निचलौल-चिउटहां मार्ग किया जाम

रिपोर्ट:विनय कुमार गुप्त।

निचलौल (महराजगंज) स्थानीय थाना क्षेत्र के जमुई पंडित गांव में पिछले एक सप्ताह से बंदरों के आतंक ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। वन विभाग की कुंभकर्णी नींद और लगातार अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह निचलौल-चिउटहां मार्ग पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
*दर्जनों लोगों को किया लहूलुहान, दहशत में ग्रामीण।*
जमुई पंडित गांव में बंदरों का हमला इस कदर बढ़ गया है कि अब तक दर्जनों ग्रामीण इनके शिकार हो चुके हैं। कई ग्रामीणों की हालत इतनी गंभीर है कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को बार-बार सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है।
*सड़क पर उतरा ग्रामीणों का गुस्सा।*
वन विभाग की निष्क्रियता से नाराज ग्रामीण गुरुवार सुबह लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए और मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
*रेस्क्यू टीम ने एक बंदर को दबोचा, पर खतरा अभी टला नहीं।*
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम हरकत में आई। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण सोनू तिवारी के कमरे में घुसे एक बंदर को पकड़कर कब्जे में लिया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अभी भी कई हिंसक बंदर मौजूद हैं।
*ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा।*
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने अब खुद की सुरक्षा का जिम्मा उठा लिया है। ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडा लेकर बंदरों को भगाने के लिए गांव में गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक सभी बंदरों को पकड़कर जंगल में नहीं छोड़ा जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments