HomeHealth & Fitnessमहाराणा प्रताप जयंती पर निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता सम्पन्न

महाराणा प्रताप जयंती पर निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता सम्पन्न

उतरौला (बलरामपुर। उतरौला बाजार स्थित टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को वीरता, स्वाभिमान एवं राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप जी की जयंती के उपलक्ष्य में निबंध प्रतियोगिता तथा चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भारतीय इतिहास के महान योद्धाओं के आदर्शों एवं उनके त्यागमय जीवन से परिचित कराना था।

प्रतियोगिता में विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए महाराणा प्रताप जी के जीवन, संघर्ष, पराक्रम, मातृभूमि के प्रति समर्पण तथा स्वाभिमान पर आधारित भावपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक निबंध प्रस्तुत किए। वहीं चित्रांकन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप के आकर्षक रेखाचित्र एवं कलात्मक चित्र बनाकर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यार्थियों द्वारा निर्मित चित्रों में वीरता, साहस एवं राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक अनिल कुमार गुप्ता एवं राशिद रिजवी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप जी भारतीय इतिहास के ऐसे अमर योद्धा थे जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी आत्मसम्मान एवं स्वतंत्रता के सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, धैर्य, संघर्ष एवं राष्ट्रनिष्ठा की अनुपम प्रेरणा प्रदान करता है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों का अनुसरण कर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

विद्यालय के निदेशक सैफ अली ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप ने युवावस्था से ही मातृभूमि की रक्षा तथा जनमानस के सम्मान हेतु संघर्ष का मार्ग अपनाया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अदम्य साहस, धैर्य एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय देकर इतिहास में अमिट स्थान प्राप्त किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर सत्य, साहस एवं राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर अग्रसर हों।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय परिसर देशभक्ति, ऐतिहासिक गौरव एवं सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत दिखाई दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments