- योगी सरकार के मंत्रियों व नेताओं ने भंडारों में अपनी उपस्थिति दिखायी
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के आखिरी आठवें बड़े मंगलवार को राजधानी लखनऊ यानी लक्ष्मणनगरी में चारों तरफ भजन, कीर्तन और भंडारे की धूम रही। हालांकि कड़ी धूप और मौसम का तल्ख तेवर बीते कई दिनों की तरह इस मंगलवार को भी जारी रहा, मगर इसके बावजूद बड़े मंगल पर्व के उत्साह व उमंग को लेकर भक्तों का तांता मंदिरों से लेकर भंडारे स्थलों तक दिखता रहा। इंदिरानगर राजकीय बालिक इंटर कॉलेज के पास हर बार की तरह इस बार भी भव्य भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें कुमार परिवार के सभी परिजनों ने बड़े ही भाव के साथ हर लोग को प्रसाद वितरित किया।

भंडारे में पूड़ी कद्दू की सब्जी, बूंदी रायता, कढ़ी छोला चावल, आमरस, मीठा और गन्ने के रस के साथ ही शाम को आइस्क्रीम भी बांटी गयी। इसी क्रम में विकास भवन के समीप चौहान परिवार ने भी बड़ेही हर्षोल्लास के साथ बड़े मंगल के भंडारे का आयोजन किया और वहां पर भी दूर दूर से भक्तगण पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। आगे हनुमान सेतु मंदिर के निकट तरूण गुप्ता कमलापुरी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभा कमलापुरी महासभा उप्र व भाजपा नेता और उनकी टीम अमित गुप्ता, तुषार गुप्ता व पवन गुप्ता आदि द्वारा भी विशाल भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में डा. दिनेश शर्मा, योगी सरकार के मंत्रीगणों में कपिल देव अग्रवाल, दयाशंकर सिंह व स्वतंत्र देव सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक पहुंचे।
ऐसे ही रोडवेज कर्मियों के सामूहिक सहयोग से कैसरबाग बस स्टेशन परिसर में भी बड़े मंगल का भंडार किया गया जिसमें यूपी रोडवेज के एएमडी विपिन मिश्र सहित अन्य रोडवेज अफसरों ने सबके साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।












