#बस्ती_न्यूज
बस्ती में गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर में 1 जुलाई को हुई फायरिंग की घटना में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पहले एक पक्ष की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग और मारपीट का आरोप लगाते हुए गुरुवार को मुकदमा दर्ज कराया। महुआडाबर निवासी रामकेवल सिंह उर्फ कुट्टी ने अपनी तहरीर में बताया कि 1 जुलाई की शाम करीब 5:45 बजे वह अपने चाचा के घर के सामने बैठे थे। आरोप है कि प्रशांत सिंह, राजेश्वर सिंह उर्फ अमर सिंह, अमित सिंह तथा दो अन्य लोग दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान प्रशांत सिंह ने कट्टे से फायर किया, जिसकी गोली उनके सिर के ऊपर से निकल गई। शोर मचने पर ग्रामीणों ने प्रशांत सिंह को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में नया मोड़ तब आया, जब सरनागी निवासी जयहरगोविंद सिंह ने भी गौर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुत्र प्रशांत सिंह पर रामकेवल उर्फ कुट्टी, मयंक श्रीवास्तव, अमूल सिंह राना समेत अन्य लोगों ने हमला किया। तहरीर में यह भी आरोप है कि मयंक श्रीवास्तव ने गोली चलाई तथा रामकेवल ने प्रशांत के हाथ में जबरन तमंचा पकड़ाकर उसका वीडियो बनवाया और धमकी दी।
पुलिस ने मुकदमा संख्या 112/2026 में कार्रवाई करते हुए सरनागी निवासी प्रशांत सिंह और गड़हा दलथम्मन निवासी राजेश्वर सिंह उर्फ अमर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अतुल अंजान के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीरों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार, क्रॉस FIR दर्ज:दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप, हत्या का किया था प्रयास
RELATED ARTICLES












