Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)अमोढ़ा खास में विलेज टूरिज्म कमेटी का गठन:ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने...

अमोढ़ा खास में विलेज टूरिज्म कमेटी का गठन:ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समिति बनी

#बस्ती_न्यूज

विकासखंड विक्रमजोत स्थित पर्यटन ग्राम अमोढ़ा खास में विलेज टूरिज्म कमेटी (VTC) का गठन किया गया है। यह समिति ‘एग्री रूरल एंड गंगे ग्राम रूरल टूरिज्म प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्राम स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को संगठित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से बनाई गई है। समिति में ग्राम प्रधान रीना देवी को अध्यक्ष, शिवा कांत सोनकर को उपाध्यक्ष, आशीष श्रीवास्तव को सचिव और मनीष सैनी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इस समिति का गठन ग्राम पंचायत, स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, होमस्टे संचालकों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से संपन्न हुआ। इसका मुख्य लक्ष्य गांव को एक आकर्षक ग्रामीण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। बैठक के दौरान गांव के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे रामरेखा मंदिर, राजा जालिम सिंह किला और चतुर्भुज मंदिर के संरक्षण, प्रचार-प्रसार और पर्यटकों के स्वागत के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा की गई। साथ ही गांव में स्वच्छता, स्थानीय रोजगार, होमस्टे संचालन, लोक संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। समिति का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करना भी है। इसके तहत समय-समय पर प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और पर्यटक सुविधाओं के विकास संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। बैठक में उपस्थित ग्रामवासियों ने पर्यटन के माध्यम से गांव के समग्र विकास में सहयोग का संकल्प लिया। समिति के सदस्यों ने कहा कि अमोढ़ा खास की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को प्रदेश एवं देश स्तर पर स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, युवा स्वयंसेवक और ‘लक्ष्य ए सोसाइटी फॉर सोशल एंड एनवायरनमेंटल डेवलपमेंट’ के प्रतिनिधि संदीप उपाध्याय, ऋषभ राय और अतुल चौधरी उपस्थित रहे। ‘लक्ष्य ए सोसाइटी फॉर सोशल एंड एनवायरनमेंटल डेवलपमेंट’ नई दिल्ली इस परियोजना की जिम्मेदार संस्था है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments