Homeदेश (National)'पहले शर्त रखी फिर पलट गए राहुल गांधी', जितेंद्र सिंह का बड़ा...

‘पहले शर्त रखी फिर पलट गए राहुल गांधी’, जितेंद्र सिंह का बड़ा आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बातचीत के दौरान अपनी बात बदलने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि सरकार ने राहुल गांधी की शुरुआती मांग मान ली थी लेकिन इसके बाद उन्होंने एक और नई शर्त जोड़ दी।

जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता अकबर रोड के पास धरने पर बैठे थे। सरकार की ओर से बातचीत के लिए उन्हें और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को मौके पर भेजा गया। मंत्री के अनुसार, प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें: ‘मोदीजी ने धरने पर बिठाया’, PM आवास के पास राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भड़की AAP

धरने पर क्या हुई राहुल गांधी और सरकार की बातचीत?

जितेंद्र सिंह के मुताबिक, बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि यदि सरकार NEET और उससे जुड़े आंदोलन के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने के लिए तैयार हो जाए तो वह धरना समाप्त कर देंगे। उन्होंने बताया कि सरकार के शीर्ष नेतृत्व से अनुमति मिलने के बाद राहुल गांधी को यह संदेश दे दिया गया कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने बातचीत के जरिए गतिरोध खत्म करने की कोशिश की और संसद में चर्चा को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया।

जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी पर लगाया आरोप

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘राहुल गांधी ने कहा था कि अगर सरकार संसद में NEET और उससे जुड़े आंदोलन के सभी मुद्दों पर चर्चा कराने को तैयार हो जाती है, तो वह तुरंत अपना प्रदर्शन खत्म कर देंगे। कुछ ही देर बाद सरकार के शीर्ष नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद राहुल गांधी को बताया गया कि उनकी मांग मान ली गई है और सरकार संसद में NEET और उससे जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।’

यह भी पढ़ें: बर्गर खाने वाले विजेता दहिया को CJP ने प्रवक्ता पद से क्यों हटाया? समझिए

उन्होंने आगे लिखा, ‘जब यह बात राहुल गांधी को बताई गई तो उन्होंने कहा कि सिर्फ चर्चा से बात नहीं बनेगी। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग रख दी। जब उन्हें याद दिलाया गया कि पहले उन्होंने सिर्फ चर्चा की मांग की थी तो उन्होंने जवाब दिया कि अब उनकी मांग बदल गई है।’

जितेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता का अपनी ही बात से पलट जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र की परंपराओं के खिलाफ है।

3 घंटे तक चला प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला। इस प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और RJD के राज्यसभा सांसद मनोज झा भी शामिल हुए। पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत प्रदर्शन कर रहे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान राहुल गांधी की नाक पर चोट लगने की तस्वीर भी सामने आई।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments