#बस्ती_न्यूज
परसा हज्जाम गांव में शिवनाथ पुत्र रामदुलारे के रिहायशी पक्के मकान में बीती रात करीब नौ बजे भारत गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। खाना बना रही शिवनाथ की बेटी शिवांगी चिल्लाते हुए घर से बाहर भागी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए लगभग आधा दर्जन भीगी हुई कथरी (कंबल) सिलेंडर पर रखकर आग को बुझाया। इसी दौरान, शिवनाथ के घर के बगल में स्थित रामबहोर पुत्र कल्पू के रिहायशी छप्पर के मकान में भी आग लग गई, जिससे वह भी जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान रजवंत यादव ने तत्काल फायर ब्रिगेड और खझौंला पुलिस चौकी प्रभारी राकेश त्रिपाठी को फोन पर घटना की सूचना दी। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचती, ग्रामीणों ने टिल्लू पंप और बाल्टी से पानी डालकर आग पर काबू पा लिया था। इस अग्निकांड में शिवनाथ के लाखों रुपये के घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर, चारपाई और नकदी जलकर राख हो गए। वहीं, रामबहोर का रिहायशी छप्पर पूरी तरह जल गया। ग्राम प्रधान रजवंत यादव, कोटेदार जागृति, गांव के लोगों और चौकी प्रभारी ने मिलकर प्रभावित परिवारों को कपड़े, बर्तन, खाद्यान्न और नकदी देकर तत्काल सहायता प्रदान की है। सोमवार सुबह हल्का लेखपाल अनुराग श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि काफी क्षति हुई है, जिसकी रिपोर्ट बस्ती सदर तहसील प्रशासन को सौंप दी गई है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने पुष्टि की कि मौके पर पहुंचकर आग बुझाई गई और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे














































