- श्रावण कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की व्यापक तैयारियां
बिजनौर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को मेरठ मंडलायुक्त सभागार में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडलों के अधिकारियों के साथ उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया।
बिजनौर के एनआईसी कक्ष से जिलाधिकारी जसजीत कौर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
बैठक में मुख्य सचिव ने साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, मोबाइल शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ शिविरों में अग्नि सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था तथा सभी आवश्यक अनुमतियों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्नान घाटों, प्रमुख मंदिरों और जलाभिषेक स्थलों पर चिकित्सा शिविर, बाइक एंबुलेंस, एंबुलेंस सेवा और अस्पतालों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए।
शासन ने इस बार “जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट” के लक्ष्य के साथ कार्य करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने सीमावर्ती राज्यों के साथ समन्वय, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, सड़क मरम्मत, जल निकासी, होटल-ढाबों पर रेट सूची, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, विद्युत पोलों की सुरक्षा, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा मीट एवं शराब की दुकानों पर प्रतिबंध सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।
उन्होंने डीजे संचालन को सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि मानकों के अनुरूप रखने, डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने, स्टंटबाजी, बिना साइलेंसर वाले वाहनों और अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों और फेक न्यूज पर सतत निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।












