हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कानपुर हमीरपुर हाईवे पर ललपुरा थाना क्षेत्र के कुछेछा चौकी पेट्रोल पंप के पास स्कार्पियो सवार बदमाश खड़े ट्रक से डीजल चोरी करने व ट्रक मालिक की गाड़ी पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
नेशनल हाईवे में कुछेछा के आगे एक पेट्रोल पंप के पास स्कार्पियों सवार बदमाश खड़े ट्रक से डीजल चोरी कर रहे थे। इसी बीच ट्रक मालिक गाड़ी से मौके पर पहुंच गया और बदमाशों को देख आवाज दी।
आवाज सुनकर बदमाश वहां से भाग निकले। ट्रक मालिक ने बदमाशों का पीछा किया। पौथिया कुंडौरा मार्ग नर्सरी के पास भाग रहे बदमाशों ने अपने आपको पुलिस से घिरता देख ट्रक मालिक की गाड़ी पर फायरिंग कर स्कार्पियो छोड़ कर नर्सरी के जंगल की ओर फरार हो गए।
ललपुरा पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। स्कार्पियो में 40 लीटर की 8 तेल भरी कट्टी, 2 खाली कट्टी बरामद की है। इस बीच सीओ सदर राजेश कमल, एसोजी प्रभारी व ललपुरा थाना प्रभारी राकेश कुमार सरोज पुलिस बल सहित घटनास्थल पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि मुख्यालय निवासी ट्रक मालिक विजयनारायण ने पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ ललपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
बुधवार को ललपुरा पुलिस ने कानपुर नगर नरवल थानाक्षेत्र ह्रदय खेड़ा गांव निवासी बृजेंद्र को छह अदत जिन्दा कारतूस, एक पिस्टल, एक चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित पूर्व में ट्रक मालिक के यहां काम कर चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा है।











