लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने जांच के दौरान हत्या की धारा हटाकर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) की धारा में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने यूपी-112 पर सूचना दी कि उनकी बेटी ने अपनी बहन को मोबाइल पर रोते हुए फोन कर कहा था, “मुझे बचा लो।” इसके बाद परिजन उसकी ससुराल ग्राम खुजौली, थाना मोहनलालगंज पहुंचे, जहां महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले उनकी बेटी की हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटका दिया गया। इस संबंध में मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 255/2026 धारा 85 एवं 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) बीएनएस को हटाकर धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) जोड़ दी। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार रावत उर्फ छोटू (34 वर्ष), निवासी ग्राम खुजौली, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी गुड़िया इंस्टाग्राम पर अन्य लोगों से काफी बातचीत करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसके अनुसार, इसी विवाद के बाद उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने आरोपी को 12 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। मामले में थाना मोहनलालगंज में धारा 85 एवं 108 बीएनएस के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












