#बस्ती_न्यूज
बस्ती दुबौलिया थाना क्षेत्र के विशेषरगंज बाजार में मारपीट में घायल एक युवक की मौत के बाद उसके परिजनों ने बुधवार दोपहर 1 बजे पुलिस अधीक्षक बस्ती से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का आरोप है कि करीब एक माह पहले हुए विवाद में युवक को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद 27 जुलाई 2026 की सुबह उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की बहन सफीकुन्नीशा पुत्री मु. जमील निवासी विशेषरगंज बाजार ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि लगभग एक माह पहले कुछ लोगों ने उनके भाई अनवर अली के साथ मारपीट की थी। इस दौरान अनवर अली के सिर में गंभीर चोट लगी थी। परिजनों के अनुसार, उसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैया (दुबौलिया) में चल रहा था। प्रार्थिनी का कहना है कि घटना की सूचना पहले ही दुबौलिया थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि मामले में प्रार्थी पक्ष का ही 151 के तहत चालान कर दिया गया। परिजनों ने यह भी बताया कि पुलिस की ओर से उस समय कहा गया था कि यदि अनवर अली को छह माह के भीतर कुछ होता है तो संबंधित लोग जिम्मेदार होंगे। प्रार्थना पत्र के अनुसार, 27 जुलाई की सुबह अनवर अली की मौत के बाद परिजनों ने इसकी सूचना दुबौलिया थाने को दी। हालांकि, उनका आरोप है कि अभी तक किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के परिवार का कहना है कि अनवर अली ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और परिवार में तीन बहनों की शादी अभी बाकी है, जिससे परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
मारपीट में घायल युवक की मौत:बस्ती में परिजनों ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
RELATED ARTICLES












