श्रावस्ती के जमुनहा विकासखंड मुख्यालय से सटे बीरगंज कस्बे में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से होकर पटना गांव राजमार्ग को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर सड़ांध मारता पानी जमा है। मरीजों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे आवागमन दूभर हो गया है। ग्राम पंचायत पटना-बीरगंज में ही ब्लॉक मुख्यालय स्थित है। स्थानीय निवासी दुर्गेश कुमार और सुरेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी दिनभर ब्लॉक परिसर में ही रहते हैं और नालियों की नियमित सफाई नहीं करते हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में पहले ग्राम पंचायत अधिकारी और खंड विकास अधिकारी से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद, उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। निवासियों का कहना है कि जब ब्लॉक मुख्यालय से सटे कस्बे की यह स्थिति है, तो अन्य ग्रामसभाओं में सफाई व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। उनका आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन के नाम पर सफाई कर्मचारी केवल खानापूर्ति कर रहे हैं। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
श्रावस्ती के बीरगंज में नालियों का पानी सड़क पर:सफाई व्यवस्था चरमराई, ग्रामीणों ने 1076 पर शिकायत दर्ज कराई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












