HomeHealth & Fitnessप्रेम विवाह की जिद बनी मौत की वजह : पिता और भाइयों...

प्रेम विवाह की जिद बनी मौत की वजह : पिता और भाइयों ने ही कर दी बेटी की हत्या

बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर गांव में युवती क्रांति की हत्या उसके पिता और दो भाइयों ने ही कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।

वह उससे शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी

पुलिस के अनुसार मृतका क्रांति का संभल जिले के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी। परिवार के लोग इस रिश्ते के खिलाफ थे और उसकी शादी दूसरी जगह करना चाहते थे। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था।सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि क्रांति के चाचा महक सिंह की तहरीर पर पिता महेंद्र कश्यप और दोनों भाइयों आकाश व अमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि परिवार वालों ने कई बार युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह प्रेमी से शादी करने की बात पर कायम रही।

फोन पर अपने प्रेमी से बात करते हुए देख लिया था

बताया गया कि सोमवार को परिवार वालों ने क्रांति को फोन पर अपने प्रेमी से बात करते हुए देख लिया था। इससे नाराज होकर पिता और भाइयों ने उसकी पिटाई की। देर रात जब क्रांति घर से बाहर जाने लगी तो दोनों भाइयों ने उसे पकड़ लिया और आंगन में गिराकर डंडों से पीटा। आरोप है कि बाद में उसके गले पर डंडा रखकर दबाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना को छिपाने के लिए परिवार ने पहले गांव में यह अफवाह फैलाई कि युवती की मौत उल्टी-दस्त से हुई है। हालांकि पड़ोसियों ने दिन और रात में हुई मारपीट देखी थी, इसलिए उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होते ही पूरा मामला खुल गया।

सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सच कबूल कर लिया

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सच कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतका बालिग थी और प्रेम विवाह करना चाहती थी।पुलिस के अनुसार आरोपी पिता महेंद्र का व्यवहार पहले से ही आक्रामक रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उसने पहले अपनी पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था, जिसका आज तक कोई पता नहीं चल सका। वहीं बड़ी बेटी भी प्रताड़ना से तंग आकर घर छोड़ चुकी थी। अब छोटी बेटी की हत्या के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments