आगरा । महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पी.सी. मीना ने बुधवार को आगरा स्थित जिला कारागार और केंद्रीय कारागार का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कारागार में उन्हें सशस्त्र गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, लाइब्रेरी, ब्यूटी पार्लर और स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया गया, जिसकी उन्होंने सराहना की। बंदियों को गर्मी से बचाव के लिए बेहतर व्यवस्था, लाइब्रेरी में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने और अध्ययन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जेल अस्पताल में बंदियों के इलाज की समीक्षा की गई तथा समुचित चिकित्सा सुविधा बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की भी जांच की गई।
इसके बाद केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया गया, जहां चिकित्सा व्यवस्था, बंदियों के स्वास्थ्य और भोजन प्रणाली की समीक्षा की गई। सर्किल-4 में बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समयपूर्व रिहाई से जुड़े मामलों को समय पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के अंत में जेल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी निगरानी और आधुनिक तकनीक के उपयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।












