#बस्ती_न्यूज
विकासखंड कप्तानगंज की ग्राम पंचायत कुढ़वा में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के फ्रिज का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से एक 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक गांव का एकमात्र पढ़ा-लिखा इलेक्ट्रीशियन था और पूरे परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। इस घटना के बाद से पूरी पंचायत और आस-पास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, कुढ़वा गांव निवासी राजदेव यादव (28) पुत्र राधेश्याम यादव शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर में खराब पड़े फ्रिज को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वे बिजली के चालू करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के ग्रामीण मौके पर जुटे। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कप्तानगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में की थी पढ़ाई ग्रामीणों ने रुआंसे गले से बताया कि राजदेव ने आईटीआई (ITI) से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की पढ़ाई की थी। वह गुजरात की एक निजी कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत थे और कुछ दिन पहले ही गांव आए थे। पूरी पंचायत में लोग उनकी तकनीकी समझ की तारीफ करते थे। ग्रामीणों ने कहा कि जो लड़का दूसरों के घरों का अंधेरा दूर करता था, आज खुद बिजली के करंट ने उसकी जान ले ली। राजदेव अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजदेव की शादी कुदरहा ब्लॉक के सिसई पंडित गांव की रहने वाली ज्योति से हुई थी। अभी चार महीने पहले ही उनके घर में किलकारी गूंजी थी। रो-रोकर बेहाल हुआ परिवार, मां-बहन सदमे में पति की अचानक मौत की खबर सुनते ही पत्नी ज्योति बदहवास हो गई। वह अपने 4 महीने के मासूम बेटे को छाती से लगाकर बार-बार बेहोश हो रही है। वृद्ध मां मिश्रालवती और 14 वर्षीय छोटी बहन रोशनी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटी हैं, लेकिन परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे के कदम उठाए जाएंगे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
ITI पास इलेक्ट्रीशियन की घर में करंट लगने से मौत:बस्ती में फ्रिज का तार जोड़ते समय हादसा, गुजरात में करता था नौकरी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












