HomeHealth & Fitnessजल शक्ति मंत्री ने शारदा नदी के कटानरोधी कार्यों का किया निरीक्षण,24...

जल शक्ति मंत्री ने शारदा नदी के कटानरोधी कार्यों का किया निरीक्षण,24 घंटे निगरानी के दिए निर्देश

लखीमपुर-खीरी,15 जुलाई(तरुणमित्र)। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बुधवार को जनपद भ्रमण पर पहुंचे। उन्होंने शारदा नदी के दाएं किनारे स्थित ग्राम समूह बेलहा एवं सिकटिया की सुरक्षा के लिए अपस्ट्रीम में कराए जा रहे कटाव निरोधक कार्यों की परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद आगमन पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जल शक्ति मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक अमन गिरी, विधायक शशांक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और डीएम के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जल शक्ति मंत्री ने अधिकारियों से सबसे पहले परियोजना का नक्शे के माध्यम से विस्तृत विवरण प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने पैदल भ्रमण कर कराए गए कटावरोधी कार्यों की स्थिति देखी और कार्यों की गुणवत्ता परखी। उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने युद्ध स्तर पर मेहनत कर बाढ़ बचाव से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समय से पहले गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया है। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। समय से पहले पूरे किए गए कटानरोधी, बाढ़ सुरक्षा कार्यों से संभावित नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने वृक्षारोपण महायज्ञ – 2026 के तहत साइट पर छायादार, फलदार और औषधि पौध का रोपण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि लखीमपुर खीरी में शारदा, घाघरा, मोहाना और सुहेली सहित कुल 10 छोटी-बड़ी नदियां प्रवाहित होती हैं, जिसके कारण जिले में बाढ़ एवं कटान की चुनौती बनी रहती है। प्रदेश सरकार बाढ़ से बचाव, कटान रोकने और तटबंधों को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। डबल इंजन की सरकार आपदा के समय हर कदम पर आपके साथ खड़ी है। जिले में सभी 12 बाढ़रोधी परियोजनाएं पूरी कर दी गई। 

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पीएम नरेंद्र मोदी एवं सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक और अमूल्य परिवर्तन आ रहा है।

सरकार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास के साथ-साथ जनसुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।सरकार की नीतियों और योजनाओं से प्रदेश में विकास की नई गति आई है और आमजन को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदियों के जलस्तर, संवेदनशील तटबंधों और कटान संभावित क्षेत्रों की 24 घंटे सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दल तत्काल सक्रिय हों और सभी आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध रहें, जिससे जन-धन की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। कार्यक्रम को विधायक अमन गिरी और डीएम अंजनी कुमार ने भी संबोधित किया। इस दौरान सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments