लखनऊ। इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपनाने वाले जितेंद्र नारायण सिंह सेंगर उर्फ सैयद वसीम रिजवी ने एक युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साजिश रची गई है।
उन्होंने इसकी सहादतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जान शुरू कर दी है। तुलसीदास मार्ग नक्खास निवासी जितेंद्र नारायण सिंह सेंगर उर्फ सैयद वसीम रिजवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हसनपुरिया निवासी शादाब मिर्जा उर्फ बतिष्ठा ने 13 जून को अपने फेसबुक अकाउंट से उनका पुराना वीडियो एडिट कर पोस्ट किया।
आरोप है कि पोस्ट में आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पोस्ट में उन्हें “मुर्तद” कहकर संबोधित किया गया। मुर्तद का मतलब जो इंसान इस्लाम की मान्यताओं को छोड़कर बागी हो जाए उसकी हत्या जरूरी है।
वसीम रिजवी ने पुलिस को बताया कि आरोपी की पोस्ट और टिप्पणियों से मुस्लिम समुदाय में उनके प्रति आक्रोश भड़काने का प्रयास किया गया है। उनका आरोप है कि मोहर्रम के दौरान माहौल खराब कर उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को खतरा पैदा करने तथा शहर की शांति व्यवस्था भंग करने की साजिश रची गई है।
जितेंद्र ने बताया कि संबंधित फेसबुक पोस्ट, टिप्पणियों और स्क्रीनशॉट को साक्ष्य के रूप में रखा गया है। इंस्पेक्टर सहादतगंज संतोष आर्या का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।












