संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद परिसर में निर्माणाधीन पिपलेश्वर शिव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत मंगलवार को 108 कलश यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। धार्मिक वातावरण के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और पुलिसकर्मियों ने यात्रा में सहभागिता कर भगवान शिव के जयकारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के लिए धनघटा क्षेत्र के बिड़हर घाट स्थित सरयू नदी से महिलाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में पवित्र जल भरा। इसके बाद भजन-कीर्तन, डीजे और बैंड-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होकर कोतवाली खलीलाबाद परिसर पहुंची।
यह भी पढ़ें: मातृ शक्ति के पांव पखार सीएम योगी होंगे रथ पर सवार, गोरक्षपीठाधीश्वर की अगुवाई में निकलेगी विजयदशमी की शोभायात्रा
मुख्य यजमान के रूप में सपत्नीक शहर कोतवाल रहे शामिल
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कोतवाली परिसर में शहर कोतवाल जयप्रकाश दूबे अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वैदिक विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया। पूरे परिसर में मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि निर्धारित शुभ मुहूर्त में भगवान शिव की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर रहे हैं। वहीं, कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने आठ जुलाई को मानस पाठ और नौ जुलाई को भंडारा में लोगों से शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर दरोगा प्रमोद कुमार पाठक, दरोगा धर्म नाथ यादव, दरोगा अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल पप्पू सिंह, प्रशांत विक्रम सिंह, विशाल सिंह, पूर्व प्रधान श्रवण त्रिपाठी, अरविंद तिवारी, सौरभ जायसवाल आदि मौजूद थे।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













