#बस्ती_न्यूज
बस्ती में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 8 अगस्त की शाम से 11 अगस्त तक कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में शहर के लगभग एक दर्जन मोहल्लों और नई कॉलोनियों के निवासियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। प्रशासन के अनुसार, अयोध्या से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों का बस्ती पहुंचना 8 अगस्त की शाम से शुरू हो जाएगा। 9 अगस्त से अमहट घाट, भद्रेश्वरनाथ मंदिर और डारीडीहा मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए अमहट, बड़ेवन, कटरा और जेल रोड क्षेत्रों में सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शास्त्री चौक से अमहट और डीएम आवास की ओर जाने वाला मार्ग भी पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात नियंत्रण के लिए शास्त्री चौक, बस्ती क्लब तिराहा, केडीसी के आगे सिविल लाइंस तिराहा और बड़ेवन-कटरा मार्ग पर बैरिकेडिंग की जाएगी। जेल रोड की ओर भी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को ब्लॉक रोड के रास्ते निकाला जाएगा, जबकि बड़ेवन से कंपनीबाग तक केवल कांवड़ियों के वाहन और दोपहिया वाहनों को ही अनुमति मिलेगी। इस रूट डायवर्जन का सर्वाधिक असर सिविल लाइंस, डारीडीहा और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों पर पड़ेगा। इन क्षेत्रों के लोगों को बेलगड़ी, लौकियहवा, पांडेय पोखरा और गांधीनगर मार्ग से होकर आवागमन करना होगा। महुली, बनकटी और महसो क्षेत्र से आने वाले वाहनों को सोनूपार-कैली मार्ग का उपयोग करना पड़ेगा। इसी तरह, बहादुरपुर, कुदरहा, कलवारी और बनकटी की ओर जाने वाले वाहन भी जिला अस्पताल से कैली मार्ग होकर गुजरेंगे। इससे यात्रियों को पांच से दस किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है और उन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में कांवड़ यात्रा, चार दिन रूट डायवर्जन:कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की नो-एंट्री रहेगी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












