श्रावस्ती जनपद के गिलौला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। मजरे ईदगाह के पास बलरामपुर से बहराइच जा रहा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था और उसमें गन्ने की गुदी लदी हुई थी। ईदगाह के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक पलट गया। ट्रक पलटने से उसमें लदा सामान सड़क पर बिखर गया और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। इस हादसे में ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दोनों को ट्रक से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार ओवरलोड वाहन चल रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और पलटे हुए ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई जारी है।
श्रावस्ती में ओवरलोड ट्रक पलटा:NH-730 पर अनियंत्रित होकर पलटने से बड़ा हादसा टला
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












