HomeHealth & Fitnessयोगी सरकार की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना से दुग्ध उत्पादन को...

योगी सरकार की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना से दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, स्वदेशी गौवंश संरक्षण को प्रोत्साहन देने और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना’ को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया गया है। योजना के तहत जनपद प्रयागराज में छह लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को लाभान्वित किया जाएगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शिवनाथ यादव ने शुक्रवार को बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 10 स्वदेशी नस्ल की गायों का पालन करना होगा। प्रदेश सरकार द्वारा योजना के क्रियान्वयन में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इससे पात्र पशुपालकों को योजना का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि इस बार आवेदन प्रक्रिया में बैंक से सैद्धांतिक सहमति पत्र प्राप्त करने के बाद ही आवेदन किया जा सकेगा। चयनित अभ्यर्थियों को चयन पत्र जारी होने के दो माह के भीतर ऋण स्वीकृत कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि में ऋण स्वीकृत न होने पर आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा।

डॉ. यादव ने बताया कि जिन आवेदकों के बैंक खाते में पिछले छह माह से 11.80 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध है और वे बैंक से इसका प्रमाण पत्र प्रस्तुत करते हैं, उन्हें स्वयं की पूंजी से परियोजना संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे मामलों में बैंक ऋण लेना अनिवार्य नहीं होगा।

योजना में चारा उत्पादन के लिए 0.8 हेक्टेयर भूमि की अनिवार्यता को भी व्यवहारिक बनाते हुए समझौता अनुबंध के माध्यम से पूरा करने की सुविधा प्रदान की गई है। इससे भूमिहीन अथवा सीमित भूमि वाले पशुपालकों को भी योजना से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक पात्र आवेदन प्राप्त होते हैं तो लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी *नंद बाबा दुग्ध मिशन* की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, पशुपालकों की आय बढ़ाने और स्वदेशी गौवंश आधारित दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार नई योजनाएं संचालित कर रही है। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो पशुपालकों के लिए आत्मनिर्भरता और समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त करेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments