Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)विधायक ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ:विशेश्वरगंज में बच्चों को पिलाई...

विधायक ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ:विशेश्वरगंज में बच्चों को पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’


विशेश्वरगंज कंछर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत ग्राम सभा रघुरामपुर में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। पयागपुर विधानसभा के विधायक सुभाष त्रिपाठी, विधानसभा संयोजक निशंक त्रिपाठी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक कुणाल मिश्रा ने नवजात एवं छोटे बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने सभी से अपील की कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए, ताकि कोई भी बच्चा इस जानलेवा बीमारी से प्रभावित न हो। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित ग्रामीणों को पोलियो उन्मूलन, नियमित टीकाकरण और बच्चों के संपूर्ण प्रतिरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। टीम ने लोगों को बताया कि समय-समय पर लगने वाले सभी टीके बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखते हैं, इसलिए निर्धारित तिथियों पर टीकाकरण अवश्य कराया जाना चाहिए। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी उपस्थित लोगों ने अभियान को सफल बनाने और प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments