Nayara Energy Hikes Petrol-Diesel Prices: देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। नायरा एनर्जी ने बढ़ती वैश्विक तेल कीमतों के दबाव में पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये प्रति लीटर महंगा किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह फैसला वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हालिया तेजी के बाद लिया गया है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका असर अब घरेलू बाजार पर भी दिखने लगा है।
विक्रमजोत हर्रैया बस्ती विकास क्षेत्र के रानीपुर लाद इंडियन ग्रामीण वितरक एजेंसी पर हफ्तों बाद गैस सिलेंडर की एक खेप (डीसीएम) पहुंची। हालांकि, सिलेंडर मिलने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे उनमें निराशा देखी गई। जानकारी के अनुसार, रानीपुर लाद इंडियन ग्रामीण वितरक विक्रमजोत बस्ती में पिछले कई हफ्तों से गैस सिलेंडर का वितरण नहीं हो सका था। एजेंसी पर 20 मार्च से ही एक भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं था, और हफ्तों तक कोई नई खेप नहीं मिल पाई। गैस उपभोक्ता अपने सिलेंडर लेकर प्रतिदिन एजेंसी के चक्कर लगाते रहे। वे कर्मचारियों से पूछताछ करते और शाम तक इंतजार करने के बाद वापस घर लौट जाते थे। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि एजेंसी कर्मचारी लगातार यह कहते रहे कि गाड़ी निकल चुकी है, आने वाली है, या खलीलाबाद पहुंची है, तेल खत्म हो गया है, जिससे गाड़ी नहीं आ पा रही है। इस संबंध में एजेंसी कर्मचारी प्रदीप तिवारी ने बताया कि पैसा जमा कर दिया गया है, लेकिन सप्लाई नहीं मिल पा रही है। वहीं, सप्लाई इंस्पेक्टर अतिंदर से मोबाइल पर बात करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि समस्या है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन में गाड़ी आने वाली है और सभी को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यही उनका प्रयास है।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
नई दिल्ली: पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में फैली पेट्रोल-डीजल और LPG किल्लत की अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। मंत्रालय ने स्पष्ट कहा है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और LPG की सप्लाई पूरी तरह से नियंत्रण में है।
मंत्रालय के अनुसार सभी रिटेल फ्यूल आउटलेट्स (पेट्रोल पंप) के पास पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। देश के किसी भी हिस्से में पेट्रोल, डीजल या LPG की कोई कमी नहीं है।
मंत्रालय की अपील
पेट्रियमियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जानबूझकर फैलाई जा रही गलत जानकारी और शरारती, समन्वित अभियान (coordinated campaign) से गुमराह न हों। मंत्रालय ने कहा कि कुछ तत्व सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर जनता में अनावश्यक दहशत पैदा कर रहे हैं, जिससे पैनिक खरीदारी हो रही है।
वर्तमान स्थिति
– पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है।
– LPG सिलेंडरों की डिलीवरी और उपलब्धता पर कोई असर नहीं पड़ा है।
– सभी तेल कंपनियां और वितरण नेटवर्क पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं।
सरकार ने राज्यों से भी कहा है कि वे स्थानीय स्तर पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करें।
यह बयान उत्तर प्रदेश के देवरिया, गोंडा, सुल्तानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और श्रावस्ती समेत कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारों और डिब्बों में तेल भरवाने की घटनाओं के बाद आया है।
सरकार का संदेश
मंत्रालय ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे केवल आधिकारिक सूत्रों से जानकारी लें और अफवाहों पर ध्यान न दें। पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
श्रावस्ती एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर जनपद में मिशन शक्ति फेज–5 (द्वितीय चरण) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शक्ति दीदी टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर सशक्तिकरण के लिए अपनी सतर्कता बढ़ा दी है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित व आत्मनिर्भर बनाना है। अभियान के क्रम में कोतवाली भिनगा, सिरसिया, मल्हीपुर, हरदत्तनगर गिरंट, सोनवा, गिलौला, इकौना, नवीन मॉडर्न थाना, महिला थाना और शक्ति मोबाइल टीम सक्रिय हैं। ये टीमें विद्यालयों, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पहुँचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दे रही हैं। चौपाल और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं को सुना जा रहा है और उनके समाधान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में अपनी बात निर्भीक होकर रखने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। साइबर अपराधों को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। महिलाओं को ओटीपी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड रखने और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने की सलाह दी गई है। अभियान के दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मातृशक्ति को संबल योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली समझाई जा रही है और जागरूकता पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं। श्रावस्ती पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी है, जिसका लक्ष्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
सिद्धार्थनगर जिले के तेलौरा स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर गुरुवार शाम को अचानक सैकड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह भीड़ युद्ध के कारण पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी होने की अफवाहों के चलते जमा हुई थी। अफवाहों के कारण लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंप पर पहुंच गए, जिससे लंबी कतारें लग गईं। वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा और पूरे इलाके में जाम जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, प्रशासन ने इन अफवाहों को निराधार बताया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है। एचपी पेट्रोल पंप के संचालक दिनेश अग्रहरि ने भी पुष्टि की कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और नियमित आपूर्ति मिल रही है। उन्होंने बताया कि अचानक भीड़ बढ़ने के कारण वितरण में देरी हो रही है। इसके बावजूद, उपभोक्ताओं में चिंता साफ दिखाई दी। राहुल गुप्ता नामक एक उपभोक्ता ने बताया कि वह पिछले दो घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक उनकी बारी नहीं आई है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि कहीं उनका नंबर आने से पहले पेट्रोल खत्म न हो जाए। इसी तरह, सरजून गुप्ता ने बताया कि उनकी गाड़ी पिछले तीन घंटे से लाइन में लगी है और उन्हें अभी तक डीजल नहीं मिल पाया है। प्रशासन लगातार लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील कर रहा है, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सके।
तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मणपुर खैरहनिया गांव में योगी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का बखान किया। इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने इस दौरान कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मुफ्त राशन, बिजली, पानी और सड़क जैसी कई बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि देश और प्रदेश सरकार हर घर तक इन सुविधाओं की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है, जिससे गांव दूधिया रोशनी से जगमगा रहे हैं। विधायक ने कोडरी मथुरा से चौधरी डीह मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी आने का भी जिक्र किया। एमएलसी साकेत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि मथुरा घाट का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और झारखंडी पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के ‘रामराज्य’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार लोगों को सड़क, बिजली, पानी, राशन, मुफ्त उपचार और शिक्षा जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है। युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से अवसर दिए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने मथुरा बाजार से मथुरा घाट जाने वाली सड़क के जर्जर होने की समस्या से अवगत कराया, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कार्यक्रम का संचालन बुद्धि सागर अवस्थी ने किया, जबकि अध्यक्षता जनमेजय सिंह ने की। इस अवसर पर तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने भाजपा के नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष और महामंत्री को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर शिव प्रसाद द्विवेदी, राघव राम पांडेय, रेवती रमण तिवारी, जगदीश पासवान, मनीष शुक्ला, तरुण तिवारी, शिव प्रसाद यादव, जनार्दन मिश्रा और चेतराम पाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महराजगंज में फ्रैक्चर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने NEET PG में दाखिला दिलाने के नाम पर 55 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि डॉ. श्रीवास्तव की शिकायत पर विक्की त्रिपाठी और विनोद धीमन, प्रबंधक सन साइन एशिया, विभूति खंड, गोमतीनगर, लखनऊ के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। नेपाल मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का दिया झांसा डॉ. श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने NEET PG प्रवेश परीक्षा दी थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात दोनों आरोपियों से हुई। आरोप है कि दोनों ने उन्हें महराजगंज मेडिकल कॉलेज, काठमांडू (नेपाल) में दाखिला दिलाने का झांसा दिया। किस्तों में खाते में जमा कराए रुपए शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दाखिले के नाम पर कुल 55 लाख रुपए मांगे। पीड़ित का कहना है कि यह रकम अलग-अलग तारीखों में किस्तों के रूप में दी गई। इसमें 4 जनवरी 2024 को 3 लाख, 5 जनवरी को 2.5 लाख, 6 फरवरी को 2 लाख, 8 जनवरी को 1.9 लाख, 17 जनवरी को 20 लाख, 16 अप्रैल को 10 लाख और 19 अप्रैल 2024 को 3 लाख रुपए शामिल हैं। डॉ. श्रीवास्तव के मुताबिक, यह रकम सन साइन एशिया के एक्सिस बैंक खाते में जमा कराई गई थी। इसके अलावा 29 दिसंबर 2023 को 12.60 लाख रुपए नकद भी दिए गए थे। एडमिशन नहीं हुआ, पैसे मांगे तो धमकी का आरोप पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम देने के बाद भी उनका दाखिला नहीं कराया गया। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने अभद्रता की और रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क कर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बस्ती में रामनवमी के अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी ने भव्य शोभायात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा कंपनी बाग से शुरू होकर गांधीनगर, पक्का बाजार समेत शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान पूरा शहर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। शोभायात्रा में राम दरबार की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। यात्रा में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां हाथों में केसरिया ध्वज लिए चल रहे थे। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर कुछ लोग झूमते और नृत्य करते दिखे, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोग शोभायात्रा की भव्यता देख रहे थे। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के जिला प्रभारी विनय सिंह, राजा ऐश्वर्या प्रताप सिंह, अजय सिंह गौतम, सत्येंद्र सिंह भोलू, पवन मल्होत्रा, कन्हैयालाल, रामजी पांडे, रामप्रताप सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। यह शोभायात्रा शहर में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश लेकर निकली। इसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
नई दिल्ली: एअर इंडिया से जुड़ी एक और चिंता वाली खबर सामने आई है। गुरुवार दोपहर को एअर इंडिया की दिल्ली से लंदन के हीथ्रो जाने वाली उड़ान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण विमान को उड़ान भरने के घंटों बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इस घटना से यात्रियों को न केवल अप्रत्याशित असुविधा का सामना करना पड़ा बल्कि एयरलाइन के बेड़े में हाल ही में शामिल किए गए आधुनिक विमानों की हालत पर भी सवाल खड़े हो गए।
क्या है पूरा वाकया?
गुरुवार सुबह लगभग छह बजे, एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI111 ने दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान जब सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तब इसे वापस मोड़ने का बड़ा निर्णय लिया गया। इस निर्णय से पहले विमान लगभग चार घंटे तक हवा में रह चुका था।
वापसी की यात्रा को मिलाकर, यह विमान कुल सात घंटे तक हवा में रहने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित वापस उतर गया। सूत्रों ने जानकारी दी है कि उड़ान के दौरान विमान के अंदर कुछ आवाजें सुनी गई थीं, जिसके बाद यह मार्ग बदलने का फैसला किया गया। इस उड़ान में कुल कितने यात्री सवार थे, फिलहाल इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है।
एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान में क्या कहा?
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान की वापसी का फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया। एक संदिग्ध तकनीकी खराबी सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। वक्ता ने कहा कि विमान सुरक्षित उतर गया है और एअर इंडिया के उच्च सुरक्षा मानकों के तहत इसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि इस व्यापक जांच प्रक्रिया को पूरा करने में अतिरिक्त समय लगेगा। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई इस अप्रत्याशित परेशानी के लिए खेद जताते हुए कहा है कि विमानन कंपनी उन्हें जल्द से जल्द लंदन पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।क्या जिस विमान में तकनीकी खराबी, वह पहले भी ऐसी घटना में शामिल रहा है?
एअर इंडिया ने इसी साल जनवरी 2024 से इन नए A350-900 विमानों का संचालन शुरू किया है। जिस विमान (VT-JRF) के साथ यह घटना हुई, उसका तकनीकी समस्याओं का पिछला रिकॉर्ड भी सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, 15 मार्च को भी इसी विमान में तकनीकी खराबी आई थी। उस समय यह विमान न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था और तकनीकी समस्या के कारण इसे आयरलैंड के शैनन शहर की ओर डायवर्ट करना पड़ा था। एक ही विमान में इतने कम समय में दो बार तकनीकी खामी का आना, एयरलाइन के बेड़े के रखरखाव के नजरिए से ध्यान देने योग्य विषय है।
एअर इंडिया के लिए नए A350-900 विमानों में आ रही ये तकनीकी कमियां एयरलाइन के लिए परिचालन संबंधी चिंता का विषय बन सकती हैं। आगे चलकर, इस घटना की विस्तृत तकनीकी मूल्यांकन रिपोर्ट से ही खराबी के मूल कारण का पता चलेगा।
यूरोप से एशिया तक ईंधन संकट गहरा गया है। ईरान युद्ध का असर है कि फिलीपींसस में राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल लगाना पड़ा है। जापान ने भी अपने आपातकालीन तेल भंडार से निकासी शुरू कर दी है। पाकिस्तान में ऊर्जा के अलावा गेहूं और यूरिया का संकट पैदा हो गया है। पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका में ‘फोर डे वर्क’ व्यवस्था लागू कर दी गई है। निजी कंपनियां वर्क फ्रोम होम की सुविधा दे रही हैं। दुनियाभर की सरकारों ने ऊर्जा संकट के बीच अपने रणनीतिक तेल भंडार से 40 करोड़ बैरल तेल जारी करने पर सहमति जताई है।
ऊर्जा संकट के बीच दक्षिण कोरिया में लोगों से दिन में फोन चार्ज करने और कम समय तक नहाने की सलाह दी गई है। फिलीपींस ऊर्जा आपातकाल लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। जापान के लोगों में घबराहट जैसा माहौल है। लोगों ने खाने पीने का सामान जुटाना शुरू कर दिया है।
वहीं जापान की सरकार अपने आपातकालीन तेल भंडार से बड़े पैमाने पर निकासी शुरू कर दी है। उसके पास करीब तीन हफ्ते की गैस बची है। ऑस्ट्रेलिया, फिलीपींस और वियतनाम समेत कई देशों की एयर लाइंस को अपनी उड़ानें रद्द या सीमित करना पड़ रहा है। न्यूजीलैंड की सरकार ने निम्न और मध्यम आय वाले परिवारों को 29 डॉलर (भारतीय रुपये में 2,450) की साप्ताहिक सहायता देने का ऐलान किया है।
जल्द खत्म नहीं होगा यह संकट
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी से जंग जारी है। ट्रंप प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही युद्ध समाप्त हो जाएगा, लेकिन अभी तक संकेत इसके विपरीत दिख रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अगर युद्ध खत्म भी हो जाता है तो ऊर्जा संकट इतनी जल्दी समाप्त नहीं होगा। अमेरिकी और इजरायली हमले के जवाब में ईरान ने होर्मुज की खाड़ी को काफी हद तक अवरुद्ध कर रखा है। यहां से दुनिया का करीब 20 फीसद ईंधन का निर्यात होता है। वहीं एशियाई देशों की जरूरत का 60 फीसद तेल इसी रास्ते से जाता है।
श्रीलंका: यहां सरकार ने क्यूआर कोड सिस्टम लागू किया है। एक वाहन मालिक को क्यूआर कोड से एक हफ्ते में 15 लीटर पेट्रोल दिया जा रहा है।
न्यूजीलैंड: कार फ्री डे की शुरुआत। हफ्ते में एक दिन वाहन चलाने की अनुमति नहीं होगी। निम्न और मध्यम आय वाले को आर्थिक सहायता दी जा रही।
स्लोवेनिया: प्राइवेट ड्राइवरों को हर हफ्ते 50 लीटर तेल दिया जा रहा है। किसान और व्यवसायों को 200 लीटर तेल मिल रहा है। राशनिंग सिस्टम लगाने वाला पहला यूरोपीय देश बना।
म्यांमार: म्यांमार में ऑड ईवन सिस्टम लागू। ऑड नंबर वाली प्लेट को एक दिन और दूसरे दिन ईवन नंबर प्लेट वाले वाहन तेल मिल रहा है।
कंबोडिया: यहां भीषण ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। देशभर में एक तिहाई पेट्रोल पंप बंद हो चुके हैं।
मिस्र और बांग्लादेश में कैसे हालात?
जांबिया ने पेट्रोल की जमाखोरी करने पर भारी जुर्माने का ऐलान किया है। केन्या ने ईंधन के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के अलावा राशनिंग व्यवस्था भी लागू कर दी है। मिस्र में रेस्तरां और शॉपिंग मॉल को रात 9 बजे बंद करने का आदेश जारी किया गया है। सरकारी भवनों पर शाम छह बजे ताला लगाने का आदेश है। पाकिस्तान ने भी फोर डे वर्क व्यवस्था लागू की है। थाईलैंड और बांग्लादेश ने 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच एसी चलाने का आदेश जारी किया है।
रिपोर्ट:गजेंद्र गुप्त। महराजगंज (निचलौल): एक ओर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति की चिंता बढ़ा दी है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर जमाखोर इस संकट को ‘अवसर’ में बदलने से बाज नहीं आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद अंतर्गत निचलौल थाना क्षेत्र से कालाबाजारी का एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ प्रशासन के दावों को ठेंगा दिखाते हुए ईंधन की अवैध बिक्री का खेल धड़ल्ले से जारी है।
खोन्हौली: किसान सेवा केंद्र या कालाबाजारी का केंद्र?
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निचलौल के खोन्हौली स्थित ‘किसान सेवा केंद्र’ के नाम से संचालित पेट्रोल पंप इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहाँ जमाखोरों ने प्रशासन की आँखों में धूल झोंकने के लिए एक नायाब लेकिन खतरनाक तरीका अपनाया है।
कैसे होता है खेल?
पहले वाहनों में भारी मात्रा में पेट्रोल भरवाया जाता है।पंप से कुछ ही दूरी पर जाकर सुनसान जगह पर पाइप के जरिए वाहनों की टंकियों से ईंधन निकाला जाता है।इस ईंधन को स्टॉक कर खुले बाजार में ऊँचे और मनमाने दामों पर बेचा जा रहा है।
प्रशासन के प्रयास पड़ रहे फीके
हैरानी की बात यह है कि स्थानीय प्रशासन की लाख कोशिशों और छापेमारी के बावजूद, इन जमाखोरों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसका मुख्य कारण जमाखोरों द्वारा अपनाए जा रहे नित-नये ‘जुगाड़’ और तरीके हैं। जब पेट्रोल पंपों पर निगरानी बढ़ती है, तो वे सीधे पंप से न बेचकर निजी वाहनों को जरिया बना रहे हैं, जिससे कानूनी कार्रवाई से बचना उनके लिए आसान हो जाता है।
जनता पर दोहरी मार
ईंधन की इस कृत्रिम किल्लत और कालाबाजारी के कारण आम आदमी त्रस्त है। खेती-किसानी के सीजन में किसानों को पंपों पर घंटों इंतजार करना पड़ता है, जबकि जमाखोर अवैध तरीके से स्टॉक जमा कर मालामाल हो रहे हैं।
> बड़ा सवाल: क्या विभाग और स्थानीय पुलिस इस संगठित गिरोह से अनजान है? या फिर ‘किसान सेवा’ के नाम पर चल रहे इस खेल को किसी का मूक संरक्षण प्राप्त है?
सख्त कार्रवाई की दरकार
ईंधन की कालाबाजारी न केवल एक आर्थिक अपराध है, बल्कि खुले में ईंधन का भंडारण एक बड़ी अग्नि दुर्घटना को भी दावत दे रहा है। क्षेत्र की जनता ने सरकार और जिला प्रशासन से माँग की है कि ऐसे पेट्रोल पंपों की बारीकी से जाँच की जाए और संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर लाइसेंस निरस्त किए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
श्रावस्ती जनपद में चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन और रामनवमी के अवसर पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी, भिनगा ने एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन 26 मार्च 2026 को वाहिनी मुख्यालय स्थित मंदिर परिसर में कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आरंभ मां दुर्गा की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और हवन से हुआ। हवन के बाद मां दुर्गा की आरती की गई, जिसमें सभी अधिकारी, जवान और उनके परिवारजन शामिल हुए। नवरात्रि के समापन पर परंपरागत कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इसमें कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया और उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में एक भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर 62वीं वाहिनी के सभी अधिकारी, जवान और संदीक्षा परिवार के सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने इस धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में कमांडेंट वरुण ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन बल के भीतर एकता और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने बताया कि ये कार्यक्रम जवानों के मनोबल में वृद्धि करते हैं और सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में हुआ।
नवरात्रि के अवसर पर 26 मार्च गुरुवार को नौगढ़ विकास खंड के आंगनबाड़ी केंद्र साड़ी प्रथम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कन्या पूजन कर नारी सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बालिकाओं के चरण धोकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कन्याओं के माथे पर तिलक लगाया, पुष्प अर्पित किए और प्रसाद वितरित किया। इसके अतिरिक्त, सभी बालिकाओं को उपहार भी भेंट किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि नवरात्रि नारी शक्ति के सम्मान और उनके महत्व को समझने का पर्व है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का एक व्यापक प्रयास बताया। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपनी बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की अपील की। उन्होंने जोर दिया कि बेटियों को समान अवसर दिए बिना वास्तविक विकास संभव नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं, बशर्ते उन्हें सही अवसर मिलें। उन्होंने समाज के हर वर्ग से बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, शिक्षण सामग्री, उपस्थिति रजिस्टर और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली सीढ़ी होते हैं, इसलिए यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इस कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने भी कन्याओं का पूजन कर उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि जिले में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को बढ़ावा मिल रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ग्रामीणों ने इसे एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि इससे लोगों की मानसिकता में बदलाव आएगा और बेटियों को लेकर जागरूकता बढ़ेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी कन्याओं को प्रसाद और उपहार वितरित किए गए। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सम्मान और सामाजिक संदेश का प्रभावी समन्वय देखने को मिला। यह कार्यक्रम न केवल नवरात्रि की धार्मिक परंपरा को सशक्त करता है, बल्कि समाज को यह भी संदेश देता है कि बेटियों का सम्मान और उनका सशक्तिकरण ही एक विकसित और संवेदनशील समाज की पहचान है।
इस प्रकार, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की पहल ने यह साबित कर दिया कि यदि प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता हो, तो सरकारी अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि जमीनी स्तर पर वास्तविक बदलाव की दिशा में प्रभावी कदम बन सकते हैं।
श्री पवन पुत्र हनुमान जी मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा यज्ञ अनुष्ठान के चौथे दिन भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखा गया। इस अवसर पर हनुमान जी और श्रीराम दरबार की मूर्तियों का विधिवत मूर्ति मिलाप तथा भव्य नगर दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधानों के बीच मूर्तियों का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद, उन्हें नगर भ्रमण के लिए सजाया गया और भव्य शोभायात्रा के रूप में नगर दर्शन कराया गया। मूर्ति मिलाप कार्यक्रम के तहत, मूर्तियों का प्रथम मिलाप श्री सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में, द्वितीय मिलाप काली माता मंदिर (कुर्मीनडीह) में, तृतीय मिलाप श्री हनुमान जी मंदिर में, चतुर्थ मिलाप श्री शिवशंकर मंदिर (अहिरौला) में और पंचम मिलाप श्री राम जानकी मंदिर (अचलपुर चौधरी) में कराया गया। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बनाए रहे। नगर दर्शन के दौरान, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के लोगों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यज्ञ अनुष्ठान के अंतर्गत, यज्ञ मंडप में दिनभर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन और हवन का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का संचार स्पष्ट रूप से अनुभव किया गया। संध्याकाल में आयोजित श्रीराम कथा में कथा व्यास पंडित ओम नारायण मिश्र ‘दद्दन महाराज’ शास्त्री ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी के दिव्य प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उनके मधुर कथावाचन और भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, और भक्तगण देर रात्रि तक भक्ति रस में लीन रहे।
घुघली नगर के गांधीनगर निवासी कपड़ा व्यापारी श्याम रौनियार की संदिग्ध मौत के मामले में 16 दिन बाद नया मोड़ सामने आया है। मृतक के भाई कृष्णा रौनियार ने गुरुवार को घुघली थाने में तहरीर देकर गोरखपुर के एक कपड़ा व्यापारी और उसके एजेंट पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि 11 मार्च को खुशहालनगर रेलवे स्टेशन के पास 33 वर्षीय श्याम रौनियार का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पसलियां टूटने और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया था। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें श्याम ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराते हुए परिवार को निर्दोष बताया था। कृष्णा रौनियार ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके भाई पर पिछले दो महीनों से लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। घटना से एक दिन पहले 10 मार्च को एजेंट गिरिजेश जायसवाल पुरैना स्थित दुकान पर पहुंचा और गोरखपुर के व्यापारी संजय शाह से फोन पर धमकी दिलाई। परिजनों का दावा है कि यह बातचीत श्याम के मोबाइल में रिकॉर्ड है। burx, थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।