Home Blog Page 1149

लग्जरी कार की डिग्गी पर बिठाए बच्चे, भारतीय मूल के शख्स पर सिंगापुर में केस

सिंगापुर में रहने वाले भारतीय मूल के एक शख्स ने अपनी लग्जरी स्पोर्ट्स कार चलाते समय भारी लापरवाही दिखाई, जिसके बाद उन पर अदालत में मामला दर्ज किया गया है। प्रेम अनन सुगुनाकुमार नाम के इस व्यक्ति पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल अपनी चलती कार की पिछली डिग्गी (रियर बूट) पर अपने दो छोटे बच्चों को बिठाया था। अधिकारियों का कहना है कि यह हरकत बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ थी और इससे उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

यह हैरान करने वाली घटना पिछले साल 20 अक्टूबर को डेयरी फार्म के एक रिहायशी इलाके में हुई थी। जांच में सामने आया है कि जब कार सड़क पर चल रही थी, तब इस शख्स के 7 और 8 साल के दो बच्चे गाड़ी के अंदर बैठने के बजाय बाहर डिग्गी के ऊपर बैठे हुए थे। पुलिस ने इस व्यवहार को बहुत खतरनाक बताते हुए कहा कि यह ट्रैफिक नियमों का सीधा उल्लंघन है।

यह भी पढ़ें: उड़ान भरते ही हुई महिला की मौत, फ्लाइट में 13 घंटे तक किया सफर, उठती रही बदबू

सुरक्षा के सख्त नियम

सिंगापुर पुलिस ने साफ किया है कि बच्चों को हमेशा कार के अंदर सुरक्षित सीटों पर ही बिठाना चाहिए। छोटे बच्चों के लिए कार में ‘चाइल्ड सीट’ का इस्तेमाल करना जरूरी है। पुलिस का कहना है कि बच्चों को कार की डिग्गी जैसी असुरक्षित जगहों पर बिठाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी क्योंकि इससे मासूमों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें: ट्रक से भिड़ा एयर कनाडा का विमान, कई घायल, न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा

जेल भी जाना पड़ सकता है

प्रेम अनन सुगुनाकुमार पर 14 साल के कम उम्र के बच्चों की जान खतरे में डालने और लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। अगर अदालत में यह आरोप साबित हो जाते हैं, तो उन्हें6 महीने तक की जेल की सजा काटनी पड़ सकती है। इसके अलावा उन पर 2,500 सिंगापुर डॉलर (लगभग 1.5 लाख रुपये से ज्यादा) का जुर्माना भी लगाया जा सकता है या फिर सजा और जुर्माना दोनों को भुगताना पड़ सकता हैं।

निचलौल रेंज के गांवों में बंदरों का आतंक:फसलों और पेड़-पौधों को कर रहे है नुकसान, स्थानीय परेशान


निचलौल रेंज के दर्जनों गांवों में इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ गया है। रमपुरवा, मदरहा, संडा, लोढ़िया बलहखोर, जहदा, कटहरी, बढ़या भोथीयाही, कमता, श्रीनगर दुर्गवालिया, कोल्हुआ, बड़हरा चरगहा और पकड़ी भारत खंड सहित कई गांवों के ग्रामीण बंदरों के झुंड से परेशान हैं, जो फसलों और पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। बंदरों के झुंड खेतों में लगी सब्जियों को बर्बाद कर रहे हैं। इसके अलावा, वे अमरूद के फल, फूल और पेड़ों की डालियों को भी तोड़कर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस समस्या से परेशान ग्रामीण दिनभर लाठी, डंडे और गुलेल लेकर अपनी फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें छतों पर जाने से भी रोका जा रहा है। ग्राम सभा निवासी सागीर अली, दीपक, धनराज यादव, विजय, चन्दन सिंह सौरभ, कौशल चौधरी, भोला, श्रवण, पप्पू मद्देशिया, राजकुमार कुशवाहा, राजकुमार राय, कोमल भारती, शरीफ अली, विजय साहनी, अखिलेश मधेशिया, आशीष और मोहन जैसे कई ग्रामीणों ने बताया कि वे बंदरों के इस आतंक से बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि बंदरों ने इन दिनों जंगल छोड़कर गांवों में अपना बसेरा बना लिया है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

मिशन शक्ति के तहत कन्या पूजन:बस्ती में बेटियों के सम्मान का संदेश, पूजन किया


बस्ती में महिला कल्याण विभाग के मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत कन्या पूजन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला अस्पताल परिसर स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर पर हुआ, जिसकी अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और समाज में उनके प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित करना था। इस अवसर पर नेहा वर्मा ने विधि-विधान से कन्या पूजन किया और उपस्थित बालिकाओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्हें टिफिन, पानी की बोतल, बैग और ज्योमेट्री बॉक्स जैसे उपयोगी उपहार भी दिए गए। अपने संबोधन में नेहा वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति कार्यक्रम के जरिए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इस कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, वरिष्ठ सहायक अशोक सिंह और सखी वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे

अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर द्वारा आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी देवी मंदिर, तुलसीपुर में लगे चैत्र नवरात्रि मेले का श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत किया गया निरीक्षण*

 

 

 

*अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विशाल पाण्डेय* द्वारा चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर थाना तुलसीपुर क्षेत्रांतर्गत स्थित आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी देवी मंदिर परिसर व मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की सतर्कता का अवलोकन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

*अपर पुलिस अधीक्षक महोदय* द्वारा मंदिर प्रवेश एवं निकास मार्ग निरीक्षण के दौरान देखा कि एक महिला श्रद्धालु को, जो बहुत थकी हुई और व्याकुल लग रही थीं, धैर्य बंधाया और मिशन शक्ति टीम/ कर्मचारियों की मदद से उनका सुगम (आसान) दर्शन सुनिश्चित कराया गया।

 

महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, संदिग्ध व्यक्तियों/वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मिशन शक्ति टीम सक्रिय रूप से कार्य करे। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

जनपद पुलिस द्वारा चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

 

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर श्री सुधीर कुमार सिंह , मेला प्रभारी मय टीम व अन्य अधिकारी/ कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

पान मसाला विज्ञापन केस में Salman Khan पर शिकंजा, कोर्ट ने पुलिस को दिए निर्देश

News Desk

सलमान खान क्या होंगे गिरफ्तार? अदालत ने पान मसाला विज्ञापन मामले में पुलिस को दिया निर्देश

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान पान मसाला के कथित भ्रामक विज्ञापन मामले में कानूनी घेराबंदी में फंसते नजर आ रहे हैं. जयपुर के जिला उपभोक्ता आयोग ने उनके खिलाफ जारी जमानती वारंट की तामील सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस की विशेष टास्क फोर्स गठित करने के आदेश दिए हैं. आयोग ने निर्देश दिया है कि यह टीम मुंबई जाकर सलमान खान को वारंट तामील कराए. आयोग ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि वारंट की तामील में बाधा उत्पन्न होती है या फिर 6 अप्रैल को सलमान खान के साथ पान मसाला कंपनी के निदेशक राकेश कुमार चौरसिया और दिनेश कुमार चौरसिया आयोग के समक्ष पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा।

‘सेलिब्रिटी कानून से ऊपर नहीं’

आयोग के अध्यक्ष जीएल मीणा और सदस्य सुप्रिया अग्रवाल व अजय कुमार की पीठ ने पुलिस महानिदेशक के माध्यम से जयपुर पुलिस आयुक्त और उपायुक्त को यह आदेश जारी किए हैं. यह आदेश परिवादी योगेन्द्र सिंह की ओर से दायर शिकायत पर पारित किया गया है. आयोग ने अपने आदेश में कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा है कि सेलिब्रिटी स्टेटस किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर होने का अधिकार नहीं देता है. वारंट की तामील नहीं होना कानून का मखौल है और इससे उपभोक्ताओं का आयोगों पर विश्वास भी कमजोर होता है।

केसर होने के दावे पर किया मुकदमा

मामले की शुरुआत योगेंद्र सिंह के दायर परिवाद से हुई, जिसमें राजश्री पान मसाला के विज्ञापन पर पाबंदी लगाने की मांग की गई. शिकायत में कहा गया कि उत्पाद को केसर युक्त बताया जा रहा है, जबकि उसकी कीमत के आधार पर उसमें वास्तविक केसर होना संभव नहीं है, जिससे उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा है. इससे पहले भी इस मामले में सलमान खान और पान मसाला कंपनी को राहत नहीं मिली है. राज्य उपभोक्ता आयोग ने उनकी निगरानी याचिकाओं को खारिज करते हुए भ्रामक विज्ञापन के मामलों में सख्ती के संकेत दिए थे. साथ ही केंद्र और राज्य सरकार को यह सिफारिश भी की गई थी कि ऐसे मामलों को केवल केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण तक सीमित न रखकर राज्य उपभोक्ता आयोगों के दायरे में भी लाया जाए।

श्रावस्ती में नव निर्माण के नौ वर्ष प्रदर्शनी संपन्न:अपर जिलाधिकारी ने कहा- योजनाओं से गरीबों का सशक्तिकरण हुआ


श्रावस्ती में उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित नौ दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेले का गुरुवार को समापन हो गया। कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का समापन जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा और उपजिलाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने गरीब, वंचित और पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। अपर जिलाधिकारी ने आगे कहा कि बैंकिंग और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों और आमजन ने सराहा। प्रदर्शनी में ग्राम विकास, पंचायती राज, पूर्ति, शिक्षा, समाज कल्याण, पुलिस, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। अपर जिलाधिकारी सहित आमजन ने इन स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस नौ दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेले का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इन नौ दिनों के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया गया, जिससे उनके सशक्तिकरण में मदद मिली।

पेट्रोल पंप पर दो लोगों में मारपीट, VIDEO:सिद्धार्थनगर में पेट्रोल लेने को लेकर हुआ विवाद, लात-घूसों से पीटा


सिद्धार्थनगर के धौरीकुइया स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दो उपभोक्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हुई। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल भरवाने के दौरान लाइन में लगने और पहले पेट्रोल लेने को लेकर दोनों उपभोक्ताओं में कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों उपभोक्ता एक-दूसरे को पीट रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग उन्हें रोकने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इन दिनों पेट्रोल पंप पर अधिक भीड़ होने के कारण अक्सर लोगों के बीच बहस होती रहती है। इसी तनावपूर्ण माहौल में यह विवाद हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो एक दिन पुराना है। इस घटना के बाद क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में ऐसी और घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस घटना पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Elon Musk का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ठप, यूजर्स को लॉगिन और फीड में दिक्कतें

News Desk

X (Twitter)। इन दिनों कई जगहों पर ठीक से काम नहीं कर रहा है। यूजर्स ने शिकायत की है कि उन्हें अपनी फीड देखने, पोस्ट करने और दूसरे फीचर्स इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही है। इंटरनेट आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector के अनुसार पिछले कुछ घंटों में अचानक शिकायतों की संख्या बढ़ गई। लगभग 46% यूजर्स को फीड देखने में दिक्कत हुई। करीब 34% यूजर्स को ऐप इस्तेमाल करने में समस्या आई। लगभग 14% यूजर्स को वेबसाइट खोलने में परेशानी हुई। इससे साफ है कि समस्या सिर्फ एक फीचर में नहीं, बल्कि पूरे प्लेटफॉर्म पर असर डाल रही है।

अलग-अलग देशों के यूजर्स भी परेशान

यूजर्स ने बताया कि उनकी टाइमलाइन पर कुछ भी लोड नहीं हो रहा है। कई लोगों ने कंटेंट पोस्ट करने और देखने दोनों में समस्या बताई। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार London सहित अलग-अलग देशों के यूजर्स ने भी इसी तरह की शिकायतें की हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि किन-किन देशों में यह समस्या ज्यादा है।

डाउन होते ही मीम्स की आई बाढ़

जैसे ही एक्स डाउन हुआ, यूजर्स ने मजाकिया मीम्स शेयर करने शुरू कर दिए। एक यूजर ने Josh Hazlewood के भारत आने की फोटो शेयर करके लिखा कि उनके आते ही एक्स डाउन हो गया। दूसरे यूजर्स ने Elon Musk से जुड़े मजेदार मीम्स भी शेयर किए।

अभी तक वजह साफ नहीं

फिलहाल इस आउटेज की असली वजह सामने नहीं आई है। कंपनी की तरफ से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। आमतौर पर ऐसे प्लेटफॉर्म कुछ घंटों में ठीक हो जाते हैं, लेकिन अगर समस्या बड़ी हो तो इसे ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे आउटेज

हाल के दिनों में YouTube और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म्स भी कई बार डाउन हो चुके हैं। इससे पता चलता है कि बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तकनीकी दिक्कतें आना अब आम बात होती जा रही है।

ललित कौशिक गैंगस्टर एक्ट में दोषी:कुशांक हत्याकांड का मास्टरमाइंड है, RSS नेता पर गोली चलवाई; आहूजा ग्रुप के एमडी की सुपारी ली


मूंढापांडे के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और सिविल लाइंस थाने के हिस्ट्रीशीटर ललित कौशिक को कोर्ट ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में दोषी करार दिया है। ललित कौशिक के साथ ही उसके साथी खुशवंत सिंह उर्फ भीम और वेस्ट यूपी के बेहद खतरनाक शार्प शूटरों में शुमार केशव सरन शर्मा को भी कोर्ट ने दोषी माना है। बता दें कि केशव सरन शर्मा को पूर्व में पुलिस ने आहूजा ग्रुप के एमडी मनोज आहूजा की सुपारी लेने के मामले में भी अरेस्ट किया था। ताजा फैसला एडीजे-5 विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट रेशमा चौधरी की अदालत ने सुनाया है। तीनों अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए अदालत ने इन तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में मुरादाबाद जेल भेज दिया है। बता दें कि इनमें से मुख्य आरोपी ललित कौशिक कई हत्याओं और दूसरे आपराधिक मामलों में पहले से ही यूपी की बलरामपुर जेल में बंद है। जबकि उसका एक साथी खुशवंत सिंह उर्फ भीम मुरादाबाद जेल में पहले से बंद है। जबकि केशव सरन शर्मा जमानत पर चल रहा था। बुधवार को विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट रेशमा चौधरी ने तीनों अभियुक्तों को गैंगस्टर एक्ट में दोषी करार दिया। ताजा मामला शहर के युवा स्पोर्ट्स कारोबारी कुशांक गुप्ता की सनसनीखेज हज्या से जुड़ा है। इसके पहले भी ललित कौशिक को 2 मामलों में सजा हो चुकी है। 12 जनवरी 2022 को हुई थी कुशांक की सनसनीखेज हत्या मुरादाबाद में शहर के पॉश एरिया रामगंगा विहार में हत्या की यह सनसनीखेज वारदात 12 जनवरी 2022 को हुई थी। युवा स्पोर्टर्स व्यापारी कुशांक गुप्ता की दुस्साहसिक अंदाज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारे ने दुकान से निकलते वक्त व्यापारी कुशांक गुप्ता (30 साल) के सिर में सटाकर गोली मारी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से भाग निकले थे। कुशांक की दुकान पर कब्जा कराने की थी नीयत कुशांक गुप्ता की मूंढापांडे के तत्कालीन ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक से अदावत चल रही थी। घटना से कुछ महीने पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें ललित कौशिक के साथ कुछ लोग कुशांक गुप्ता की दुकान में नजर आ रहे थे। इनमें से कुछ के पास हथियार भी थे। इन लोगों ने कुशांक को धमकाया था। जिसके बाद कुशांक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार कई वीडियो पोस्ट करके ललित कौशिक द्वारा हत्या की धमकी दिए जाने की बात कही थी। कुशांक ने ललित कौशिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था और वह उसकी अरेस्टिंग के लिए लगातार कई दिनों तक अपनी ही दुकान के बाहर भूख हड़ताल पर भी बैठा था। लेकिन कौशिक के रसूख की वजह से उसकी अरेस्टिंग नहीं हो सकी थी। दरअसल कुशांक गुप्ता ने अपनी एक दुकान एक नाई को किराए पर दी थी। कुशांक उससे अपनी दुकान खाली कराना चाहते थे। लेकिन ललित कौशिक ने कुशांक को धमकाया था कि वो किराएदार से दुकान खाली न कराए। यदि दुकान खाली कराने की कोशिश की तो अंजाम बुरा होगा।दरअसल ललित कौशिक को पावर में रहते हुए शहर की विवादित प्रॉपर्टीज के फैसले करने की आदत पड़ चुकी थी। उसे इन फैसलों में मोटी रकम मिलती थी। लेकिन युवा व्यापारी कुशांक गुप्ता उसकी धमकियों से नहीं डरा और उसने ललित कौशिक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
बदनामी से परेशान होकर किया कुशांक का इंतजाम मुरादाबाद पुलिस ने 28 मार्च 2023 को इस वारदात में शामिल रहे खुशवंत सिंह उर्फ भीम को अरेस्ट करके इस घटना का खुलासा किया था। उसने पुलिस पूछताछ में बताया था कि उसने यह वारदात ललित कौशिक के कहने पर की थी। ललित कौशिक ने ही उसे शूटर उपलब्ध कराया था। उसका काम सिर्फ शूटर को अपनी बाइक पर बैठाकर कुशांक की दुकान के पास तक ले जाना और घटना के बाद उसे बाइक से शहर से बाहर तक सेफ पहुंचाना था। खुशवंत सिंह उर्फ भीम ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि “मेरे और ललित कौशिक के बीच बहुत घनिष्टता है। ललित कौशिक का भांजा मेरे साथ पढ़ता था। इसलिए मेरे उनके साथ पारिवारिक संबंध हो गए थे। मैं ठेकेदारी करता हूं तो ललित कौशिक उसमें मेरी मदद करता है। 2020 में सिद्धबली स्पोर्ट्स के मालिक कुशांक गुप्ता का ललित कौशिक के मिलने वाले भूरा नाई की दुकान खाली कराने को लेकर विवाद हो गया था। कुशांक ने इस मामले में ललित कौशिक की बात नहीं मानी थी। इस पर ललित कौशिक अपने साथियों के साथ कुशांक की दुकान पर गया था,जहां झगड़ा हो गया था। उसने ललित कौशिक और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा लिखा दिया था। इतना ही नहीं वो ललित कौशिक के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए रोजाना अखबारों में निकलवाता था। इसके अलावा फेसबुक और ट्रिवटर पर रोजाना पोस्ट भी डालता था। उसने ललित कौशिक को बहुत बदनाम और परेशान कर दिया था। इसलिए ललित कौशिक ने उसका इंतजाम करने का मन बना लिया था। हम लोग मौके की तलाश में थे। जब कुशांक गुप्ता का बिजनौर के हिमांशू और प्रियांशू से अपना पोर्शन खाली कराने को लेकर विवाद हुआ तो कौशिक ने सही मौका देखकर एक शूटर बुला लिया।”
वारदात के वक्त थोड़ी दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था भीम पुलिस पूछताछ में खुशवंत सिंह उर्फ भीम ने बताया कि, ललित कौशिक ने मौका देखकर 12 जनवरी 2022 को एक शूटर बाहर से बुलवाया था। इसके बाद योजना के तहत पूरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। मैं बाइक लेकर सिद्धबली स्पोर्टस से थोड़ा आगे जाकर खड़ा हो गया था। शूटर ने जैसे ही कुशांक को गोली मारी तो वह दौड़कर मेरे पास आया और मैं उसे लेकर वहां से कैमरों की नजरों से बचाता हुआ सुरक्षित निकाल ले गया। इसके बाद हरथला के आगे उसे उसकी बाइक देकर उतर गया और सीधा अपने घर चला आया। भीम ने पुलिस को बताया था कि गोली मारने वाले शूटर की जानकारी उसे नहीं है। इसके बारे में ललित कौशिक को ही पूरा पता है। ललित कौशिक ने ही शूटर को बाहर से बुलाया था। बता दें कि खुशवंत सिंह उर्फ भीम का लंबा आपराधिक इतिहास है। उत्तराखंड के हरिद्वार से वह आटोलिफ्टिंग में भी जेल जा चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ विभिन्न संगीन अपराधों में 6 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बाद में पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले शूटर केशव सरन शर्मा को अरेस्ट कर इस हत्याकांड की पूरी गुप्थी को सुलझाया था। केशव सरन शर्मा की गिनती बेहद खतरनाक शॉर्प शूटर्स में होती है। केशव सरन शर्मा रिश्ते में ललित कौशिक का साला लगता है।
आहूजा गुप के एमडी मनोज आहूजा को मारने के लिए ली थी एक करोड़ की सुपारी कुशांक गुप्ता की हत्या करने वाला ललित कौशिक का बेहद खास शूटर और उसका रिश्तेदार केशव सरन शर्मा पाकबड़ा के गांव गिंदौड़ा का रहने वाला है। मार्च 2019 में केशव सरन शर्मा ने आहूजा ग्रुप के एमडी मनोज आहूजा की सुपारी ले ली थी। उसने एक करोड़ रुपए में मनोज आहूजा को मारने का कांट्रेक्ट लिया था। हालांकि तब पुलिस ने वक्त रहने मामला पकड़ में आने के बाद केशव और उसके 2 दोस्तों को अरेस्ट कर लिया था। केशव और उसके साथियों को जेल से छुड़ाने के लिए ललित कौशिक ने अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। बात ये भी उठी थी कि इसके पीछे भी ललित कौशिक की शह थी लेकिन उस समय पुलिस रिकॉर्ड में ललित कौशिक का नाम नहीं आया था। इस मामले में जेल से छूटने के बाद केशव सरन शर्मा ने ललित कौशिक के कहने पर कुशांक गुप्ता को मार डाला। उसे भोजपुर के हिमांयूपुर निवासी खुशवंत सिंह उर्फ भीम चौधरी अपनी बाइक पर बैठाकर घटनास्थल तक ले गया था। उसी ने उसे वारदात के बाद शहर से सेफ निकाला था।

रौतार विद्यालय में वार्षिकोत्सव:रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की छात्र-छात्राओं ने दी प्रस्तुति


निचलौल क्षेत्र के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय रौतार में गुरुवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने किया। बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। समारोह में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला अध्यक्ष बलराम निगम और राष्ट्रीय इंटरमीडिएट कॉलेज बाली के प्रबंधक सनत कुमार राहुल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमित पटेल, प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रेम किशन निषाद, सत्य प्रकाश मद्धेशिया, सुनीता और शिक्षक नेता शशि केस तिवारी ने किया।

बस्ती में विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश:पुलिस ने संभाला मोर्चा, दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दी


बस्ती शहर के मालवीय रोड पर गुरुवार को एक विवादित भूमि पर फिर से कब्जे की कोशिश की गई। इस दौरान मौके पर एक ट्रॉली नई ईंटें गिराई गईं। विवादित भूमि पर दो पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी सालों से करते आ रहे हैं। एक पक्ष ने दावा किया कि उनके पास सीमांकन के लिए हाईकोर्ट का आदेश है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना था कि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। विवाद की स्थिति को देखते हुए किसी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और रौता चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और सख्त हिदायत दी कि कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। मौके पर कुछ अधिवक्ता भी मौजूद थे। यह विवादित भूमि है जहां ‘तड़का रेस्टोरेंट’ संचालित होता है। कुछ माह पहले भी इस भूमि पर कब्जे को लेकर जमकर ईंट-पत्थर चले थे, जिसमें कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उस घटना के बाद तत्कालीन शहर कोतवाली और रौता चौकी इंचार्ज को हटा दिया गया था। यह कार्रवाई डीआईजी द्वारा कराई गई जांच के बाद की गई थी।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे

आईआरजीसी के नेवी चीफ की मौत, क्या खुल जाएगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग थमती नहीं दिख रही है। इज़रायली मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि बंदर अब्बास में एक अटैक में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर नेवी के चीफ अलीरेजा तंगसिरी की मौत हो गई है।

टाइम्स ऑफ इजरायल ने इज़रायली अधिकारी के हवाले से बताया कि एयर स्ट्राइक में अलीरेजा की मौत हो चुकी है। वह होर्मुज की खाड़ी को बंद करने के लिए जिम्मेदार थे। हालांकि अभी तक न तो इज़रायल और न ही ईरान ने आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी किया है।

यह भी पढ़ें: अचानक कांग्रेस से ऑफिस क्यों खाली करवा रही सरकार? नियम जान लीजिए

अमेरिका और इज़रायल के हर हमले का जवाब आईआरजीसी भी दे रहा है। मध्य पूर्व के अन्य देशों पर हमले की ख़ातिर भी यही सैन्य संगठन ज़िम्मेदार है। होर्मुज की खाड़ी बंद होने से दुनियाभर में ईंधन संकट गहराता जा रहा है।

यह भी पढ़ें: अगर अमेरिका ने हमला किया तो पाकिस्तान वैसा जवाब दे पाएगा जैसा ईरान दे रहा?

अमेरिका की पूरी कोशिश किसी भी तरह से होर्मुज की खाड़ी खुलवाना है। यहाँ से दुनिया भर का 20 फ़ीसद ईंधन का निर्यात होता है। कौन सा जहाज गुज़रेगा, इसे तय करने में ईरान की भूमिका सबसे अहम है। यही वजह है कि अमेरिका और इज़रायल के नजरिये से अलीरेजा की मौत होर्मुज की खाड़ी को खुलवाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

चैत्र नवरात्रि अष्टमी पर श्रद्धालुओं की भीड़:श्रावस्ती के समय माता मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब


श्रावस्ती जनपद के इकौना तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध समय माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर गुरुवार को भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। सुबह से ही भक्तों का मंदिर परिसर में आना-जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा की। उन्होंने अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा, जहां जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया। स्थानीय लोगों के अनुसार, समय माता मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां श्रावस्ती के साथ-साथ बलरामपुर जनपद सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसी मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं यहां अवश्य पूर्ण होती हैं। मंदिर में प्रत्येक सोमवार को भी नियमित रूप से बड़ी संख्या में भक्त पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। इसके अतिरिक्त, कई श्रद्धालु यहां कथा और भागवत महापुराण का आयोजन कर अपने परिवार व समाज की सुख-शांति की कामना करते हैं। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन भी सतर्क रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

थाना कठेला समय माता में नए आपराधिक साइबर सुरक्षा अभियान:मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण में लोगों को किया जागरूक।


सिद्धार्थनगर जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र में 25 मार्च 2026 को नए आपराधिक कानूनों और साइबर सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के तहत आयोजित किया गया। ग्राम धोबहा में जन चौपाल लगाकर पुरुषों, महिलाओं और वयस्क बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान से संबंधित पोस्टर भी सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किए गए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर चलाया गया। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद का कुशल पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी का निर्देशन रहा। थाना कठेला समय माता के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार भी इस दौरान उपस्थित रहे। अभियान का मुख्य उद्घोष ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन’ था। इसमें सार्वजनिक स्थलों जैसे चौराहों, बाजारों और कोचिंग सेंटरों को असामाजिक तत्वों और मनचलों से मुक्त कराने पर जोर दिया गया। महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़खानी, अभद्रता और अश्लीलता जैसी घटनाओं को रोकने के उपाय बताए गए। प्रशासन द्वारा जारी विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें 1090 (वुमन पावर हेल्पलाइन), 112 (पुलिस सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड केयर), 108 (एंबुलेंस), 102 (गर्भवती महिलाओं के लिए एंबुलेंस सेवा), 101 (अग्नि मिशन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) शामिल थे। इसके अतिरिक्त, थाने का सीयूजी नंबर 9454458050 और मिशन शक्ति केंद्र का सीयूजी नंबर 9454408325 भी साझा किए गए। अपराध प्रौद्योगिकी और फोरेंसिक विज्ञान के उपयोग से जुड़े प्रावधानों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस दौरान उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार प्रजापति, उप निरीक्षक आनंद कुमार, हे.का. कमलेश यादव, हे.का. विनीत शुक्ला, हे.का. पारस प्रसाद, का. दिलीप वर्मा, का. ज्योति पांडे, का. करिश्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।

निनौहनी में अज्ञात कारणों से लगी आग:घर का सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान


बलरामपुर के हर्रैया सतघरवा थाना क्षेत्र के निनौहनी में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे चंद्रिका पुत्र स्वामीदयाल के फूस के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस अग्निकांड में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में घर के अंदर रखा गृहस्थी का सामान, बाहर खड़ी बाइक, पंपिंग सेट मशीन, पाइप, बेड और चौकी सहित सभी वस्तुएं आ गईं। गृहस्वामी के अनुसार, इस घटना में डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना के समय चंद्रिका का परिवार खेत में सरसों और मसूर की कटाई कर रहा था। अचानक आग की लपटें देखकर चंद्रिका घर की ओर दौड़े और मदद के लिए गुहार लगाई। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने हैंडपंप और पास के सबमर्सिबल से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड में चंद्रिका की गृहस्थी का सारा सामान और उनकी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रिका के पिता स्वामीदयाल की आर्थिक स्थिति कमजोर है और वे मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हल्का लेखपाल विनीत वर्मा ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को भेजी जाएगी।